ताजासमाचार

स्व. श्री कश्मीरीलाल जी अरोरा स्मृति में खेलों का महाकुंभ गुरुवार से, 10 बजे भव्य शुभारंभ, 11 बजे से मुकाबले, 5 वर्ष के मासूम से 85 वर्षीय बुजुर्ग तक दिखाएंगे अपना जौहर

डेस्क न्यूज 07 January, 2026 अन्य

नीमच। स्वर्गीय श्री कश्मीरीलाल जी अरोरा की स्मृति में आयोजित खेलों के महाकुंभ के अंतर्गत होने जा रहा इंटरनेशनल शतरंज टूर्नामेंट न केवल जिले बल्कि पूरे प्रदेश के लिए ऐतिहासिक बनने जा रहा है। इस अनूठी प्रतियोगिता की सबसे खास बात यह है कि इसमें 5 वर्ष के मासूम बालक से लेकर 85 वर्ष के बुजुर्ग तक एक ही मंच पर अपनी बौद्धिक प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
जहां नीमच के 5 वर्षीय नन्हे प्रतिभागी साहेब सिंह गोत्रा अपनी प्रतिभा से सभी का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं, वहीं उत्तर प्रदेश के झांसी से आए 85 वर्षीय आर.के. गुप्ता की सहभागिता इस टूर्नामेंट को प्रेरणादायी ऊंचाइयों तक पहुंचा रही है। उम्र की सीमाओं को तोड़ता यह आयोजन वास्तव में शतरंज के प्रति जुनून और समर्पण का जीवंत उदाहरण है।
डिस्ट्रिक्ट चेस एसोसिएशन के अध्यक्ष विजयरत्न गर्ग एवं ऑर्गेनाइजिंग कमेटी के अध्यक्ष नरेंद्र सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ गुरुवार सुबह 10 बजे गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस इंटरनेशनल टूर्नामेंट में देशभर से करीब 300 प्रतिभावान और रेटेड खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ (FIDE) के निर्देशन में आयोजित हो रहे इस टूर्नामेंट को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। नीमच के इतिहास में यह पहला अवसर है जब अंतरराष्ट्रीय स्तर का शतरंज आयोजन जिले में हो रहा है। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने और फीडे रेटिंग प्राप्त करने का सुनहरा अवसर मिलेगा, जो हर शतरंज खिलाड़ी का सपना होता है।
समाजसेवी अरुल अशोक अरोरा ने बताया कि इस आयोजन को भव्य और यादगार बनाने के लिए हर स्तर पर विशेष प्रयास किए गए हैं। खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं, अनुशासित वातावरण और उच्च स्तरीय व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि वे पूरे मनोयोग से अपने खेल का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।

ये रहेंगे शुभारंभ कार्यक्रम में उपस्थित
गुरुवार को होने वाले उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में गुरमीत सिंह अरोरा (चेयरमैन, एमपी चेस एसोसिएशन एडहॉक कमेटी) मौजूद रहेंगे। इसके साथ ही सज्जन सिंह चौहान जिला पंचायत अध्यक्ष, अनिरुद्ध माधव मारू विधायक मनासा, आर.वी. गोयल, सुरेंद्र सेठी, राकेश सोन, दीपक खाताबिया, वंदना खंडेलवाल भाजपा जिलाध्यक्ष, तरुण बाहेती कांग्रेस जिलाध्यक्ष, उमराव सिंह गुर्जर पूर्व कृषि उपज मंडी अध्यक्ष एवं उद्योगपति कैलाश धानुका विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

Related Post