डेस्क न्यूज
07 January, 2026
अन्य
नीमच। आगामी 4 फरवरी 2026 को नीमच से राजस्थान के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल मंडफिया धाम तक आस्था का सैलाब उमड़ने जा रहा है। नीमच से लगभग 90 किलोमीटर की इस पदयात्रा में हर वर्ष की तरह इस बार भी हजारों श्रद्धालु सांवरिया सेठ के जयकारों के साथ पैदल चलेंगे। प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी सांवरिया भक्त मंडल नीमच द्वारा भव्य और दिव्य पैदल यात्रा का आयोजन किया जा रहा है, जिसकी तैयारियां अभी से जोरों पर शुरू हो चुकी हैं। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक प्रचार—प्रसार का दौर चल पड़ा है और भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजकों के अनुसार इस वर्ष की पदयात्रा अपने भव्य स्वरूप के कारण इतिहास रचने जा रही है।
सांवरिया भक्त मंडल के गोपाल गर्ग (जीजी) ने जानकारी देते हुए बताया कि मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर 14 जनवरी 2026 से पदयात्रा के लिए पंजीयन प्रारंभ हो जाएंगे। पंजीयन गंगानगर ऑफिस, जैन भवन रोड, बंगला नंबर 48 पर किया जाएगा। इस पावन यात्रा को और अधिक दिव्य व भव्य स्वरूप देने के लिए प्रसिद्ध समाजसेवी अरूल अशोक गंगानगर विशेष प्रयास कर रहे हैं। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। चिकित्सा सेवाओं के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम पूरे मार्ग में साथ चलेगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध हो सके।
पूरी पदयात्रा भक्ति और उल्लास के रंग में रंगी रहे, इसके लिए जगह—जगह भजन—कीर्तन, संकीर्तन और धार्मिक आयोजनों की भव्य व्यवस्था की जा रही है। देश—प्रदेश के प्रसिद्ध भजन गायकों को आमंत्रित किया जाएगा, जिनकी मधुर वाणी से पूरा मार्ग भक्तिमय वातावरण में डूबा रहेगा। वहीं यात्रा मार्ग में स्वागत करने वाली संस्थाओं, संगठनों और समाजसेवियों की पृथक सूची तैयार की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं का जगह—जगह सम्मान और स्वागत सुचारू रूप से किया जा सके।
पदयात्रा 4 फरवरी 2026 को प्रातः नीमच से रवाना होगी और राजस्थान के निम्बाहेड़ा में रात्रि विश्राम करेगी। यहां निम्बाहेड़ा के व्यापारी सेठ विकास शारदा के नेतृत्व में यात्रियों के ठहरने, भोजन और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। रात्रि विश्राम के दौरान भव्य और आकर्षक भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो जाएंगे। अगले दिन 5 फरवरी 2026 को अलसुबह पदयात्रा पुनः प्रारंभ होकर दोपहर तक मंडफिया धाम पहुंचेगी। मंडफिया धाम में श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है, जहां हजारों भक्त प्रसादी ग्रहण करेंगे। कुल मिलाकर यह पदयात्रा श्रद्धा, सेवा और भक्ति का अद्भुत संगम बनकर नीमच और आसपास के अंचलों के लिए एक अविस्मरणीय अध्याय जोड़ने जा रही है।