डेस्क न्यूज
05 January, 2026
अन्य
नीमच | नगर पालिका परिषद नीमच का सोमवार को पुरानी नपा कार्यालय, बंगला नंबर 60 में विशेष सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें कुल 25 महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। इस बैठक में शहर के विकास, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और जनहित से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
सम्मेलन के दौरान विकास से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी मिलने के साथ ही राजनीतिक हलचल भी देखने को मिली। कांग्रेस पार्षदों ने कुछ विषयों पर अपनी बात रखने की कोशिश की। नेता प्रतिपक्ष योगेश प्रजापत ने आरोप लगाया कि उन्हें सदन में अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया गया। इस मुद्दे को लेकर उन्होंने धरना भी दिया और नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा पर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के हनन का आरोप लगाया। इस घटनाक्रम से सदन का माहौल कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गया।
भाजपा पार्षद किरण शर्मा ने बिना सीवर लाइन वाली कॉलोनियों के हैंडओवर पर आपत्ति जताई। पार्षद रामचंद्र धनगर और किरण शर्मा ने इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी से हुई मौतों का हवाला देते हुए नीमच शहर की जलप्रदाय व्यवस्था पर चिंता व्यक्त की और पानी की टंकियों की नियमित सफाई की मांग रखी। पार्षद वीरेंद्र पाटीदार ने नामांतरण, बंगला बगीचा क्षेत्र के व्यवस्थापन और लीज नवीनीकरण में हो रही देरी के मुद्दे उठाए। पार्षद राजेश लालवानी ने कहा कि पार्षदों की असंगठित स्थिति के कारण शहर के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जिसका लाभ कर्मचारी उठा रहे हैं और शहर के विकास के लिए पार्षदों में एकजुटता जरूरी है।
नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने बताया कि सम्मेलन में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत शासकीय भूमि के चयन एवं आवंटन, टैगोर मार्ग पर पार्किंग व्यवस्था, वार्ड 25 में टैगोर मार्ग को मॉडल रोड बनाने, स्कीम नंबर 36 सहित विभिन्न वार्डों में सड़क निर्माण जैसे कई महत्वपूर्ण विकास प्रस्ताव पारित किए गए।
इसके अलावा कर्मचारी राज्य बीमा निगम योजना 2025 के तहत पात्र कर्मचारियों के पंजीयन, जलप्रदाय शाखा में श्रमिकों एवं प्लंबर की संविदा नियुक्ति, स्वास्थ्य शाखा में अस्थायी जनसेवकों को 89 दिवस के लिए कार्य पर रखना, मृत मवेशी उठाने, तरण पुष्कर संधारण, सीताराम जाजू सागर बांध पर चौकीदारों की नियुक्ति जैसे प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।
स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत लेगेसी वेस्ट रेमिडिएशन, प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 की नई परियोजनाएं, विभिन्न सड़कों का निर्माण, ओम टाउन हॉल का जीर्णोद्धार, नगर पालिका सीमा वृद्धि, वार्ड परिसीमन, नामांतरण, छावनी क्षेत्र भूमि व्यवस्थापन और लीज नवीनीकरण जैसे अन्य प्रस्तावों को भी विशेष बैठक में स्वीकृति प्रदान की गई।