ताजासमाचार

भादवामाता महिला एफपीओ डीकेन को जिला उद्योग केंद्र द्वारा विभिन्न योजनाओं से जोड़ने का मिला भरोसा

डेस्क न्यूज 05 January, 2026 अन्य

नीमच। टाटा सोलर पावर के सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत तथा बाएफ लाइवलीहुड्स, मध्यप्रदेश के तकनीकी मार्गदर्शन में डीकेन क्षेत्र में संचालित उद्योगिनी परियोजना के तहत भादवामाता महिला किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) ने जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, नीमच के साथ महत्वपूर्ण संवाद स्थापित किया। इसी क्रम में भादवामाता महिला एफपीओ की उपाध्यक्ष, बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स एवं परियोजना टीम ने जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक योगिता भटनागर से भेंट कर पिछले तीन वर्षों में परियोजना के अंतर्गत हुए कार्यों एवं उपलब्धियों का विस्तृत एवं प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण किया।

प्रस्तुतीकरण के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने टाटा सोलर पावर के सहयोग से महिलाओं के लिए संचालित आजीविका संवर्धन, उद्यम विकास, मूल्य संवर्धन, कौशल प्रशिक्षण, बाजार संपर्क एवं स्वरोजगार से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों की जानकारी साझा की। बैठक में अधिकारियों द्वारा पूछे गए सभी प्रश्नों का परियोजना टीम द्वारा तथ्यात्मक एवं संतोषजनक उत्तर दिया गया, जिससे परियोजना की पारदर्शिता, प्रभावशीलता एवं सकारात्मक सामाजिक प्रभाव स्पष्ट रूप से सामने आया।

भादवामाता महिला किसान उत्पादक संगठन, डीकेन द्वारा बताया गया कि बाएफ लाइवलीहुड्स के सतत तकनीकी मार्गदर्शन से ग्रामीण एवं वंचित वर्ग की महिलाएं संगठित होकर सफल उद्यमी बन रही हैं। महिलाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ते हुए न केवल अपनी आजीविका सुदृढ़ कर रही हैं, बल्कि अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन रही हैं। वर्तमान में यह एफपीओ क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण एवं उद्यमिता विकास का एक सशक्त केंद्र बनकर उभर रहा है।

इस अवसर पर जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक योगिता भटनागर ने महिला-केंद्रित इस पहल की सराहना करते हुए भादवामाता महिला एफपीओ को उद्यमिता विकास, पंजीकरण, तकनीकी सहयोग एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं से जोड़ने के लिए जिला उद्योग केंद्र के माध्यम से पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। साथ ही एफपीओ की महिलाओं ने अपने उद्यमों को और अधिक सशक्त बनाने एवं प्रशासनिक सहयोग प्राप्त करने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर से सौजन्य भेंट का अवसर उपलब्ध कराने हेतु औपचारिक अनुरोध भी किया।

इस महत्वपूर्ण बैठक में टाटा सोलर पावर के सीएसआर मैनेजर वरुण चतुर्वेदी, बाएफ लाइवलीहुड्स के रीजनल मैनेजर जे.एल. पाटीदार, परियोजना समन्वयक आशना विश्वकर्मा, परियोजना अधिकारी पुनीत पाण्डे, स्टाफ सदस्य अजय सेन, उद्योग विभाग की चंचल अग्रवाल, भादवामाता महिला एफपीओ की उपाध्यक्ष सीमा भट्ट, बोर्ड सदस्य आशा व्यास, महिला वेंचर एवं शेयरहोल्डर्स, सीईओ पूनमचन्द मुच्छारा सहित अन्य गणमान्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Post