डेस्क न्यूज
04 January, 2026
अन्य
नीमच। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) नीमच ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करों पर करारा प्रहार किया है। सीबीएन टीम ने पुख्ता सूचना के आधार पर राजस्थान की ओर जा रही कल्पना ट्रेवल्स की एक यात्री बस को नीमच बस स्टैंड पर रोका और सघन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान बस में सवार एक युवक के कब्जे से अफीम बरामद की गई, जिससे हड़कंप मच गया।
कार्रवाई के दौरान सीबीएन अधिकारियों ने मौके से आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया, वहीं मादक पदार्थों की तस्करी में उपयोग की जा रही बस को भी जब्त कर लिया गया है। अफीम की बरामदगी के बाद पूरे मामले को एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अहम सुराग मिलने की संभावना जताई जा रही है।
सीबीएन अधिकारी अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि अफीम की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही, इस तस्करी से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों और पूरे नेटवर्क की कड़ियों को भी खंगाला जा रहा है। सीबीएन की इस सख्त कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।