डेस्क न्यूज
02 January, 2026
अन्य
मंदसौर। निवेशकों से करोड़ों रुपए की ठगी कर फरार चल रहे एक शातिर गिरोह को मंदसौर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार कर लिया है। गिरोह का मुख्य सरगना अजय राठौर, जो एथिकल हैकिंग का कोर्स कर चुका है, अपने तकनीकी ज्ञान के बल पर पिछले एक वर्ष से पुलिस को लगातार चकमा दे रहा था। पुलिस ने इस हाईटेक ठग गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 20 करोड़ रुपए से अधिक की ठगी का खुलासा किया है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना द्वारा जिले में फरार वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए दिए गए सख्त निर्देशों के तहत थाना व्हाय.डी. नगर के अपराध क्रमांक 002/25 में वांछित आरोपी अजय पिता महेश राठौर निवासी मल्हारगढ़ एवं आदित्य पिता शिवलाल पालीवाल निवासी पिपलिया मंडी को गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता मिली। फरारी के दौरान दोनों आरोपियों पर 5-5 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था।
चैन सिस्टम और 15% रिटर्न का लालच देकर की ठगी
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी अजय राठौर ने ‘क्रोलिक’ नामक एक कंपनी बनाकर स्थानीय लोगों को चैन सिस्टम के आधार पर निवेश के लिए प्रेरित किया। गिरोह ने 15 प्रतिशत मासिक रिटर्न का झांसा देकर भोले-भाले निवेशकों से करोड़ों रुपए एकत्र किए। शुरुआत में कुछ निवेशकों को रिटर्न देकर विश्वास जीता गया, लेकिन जब 20 करोड़ से अधिक की राशि जमा हो गई, तो कंपनी बंद कर आरोपी फरार हो गए।
एथिकल हैकर बना पुलिस के लिए चुनौती
मुख्य सरगना अजय राठौर तकनीकी रूप से बेहद दक्ष है। एथिकल हैकिंग का ज्ञान होने के कारण वह सीम-रहित मोबाइल, प्रॉक्सी नेटवर्क और वर्चुअल लोकेशन जैसी तकनीकों का इस्तेमाल कर पुलिस से बचता रहा। यह मामला पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था।
फरीदाबाद से दबोचे गए आरोपी
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने साइबर सेल की मदद से तकनीकी डेटा का गहन विश्लेषण किया। लोकेशन ट्रेस होने पर पुलिस टीम हरियाणा के फरीदाबाद पहुंची और तकनीकी व मैदानी कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से ठगी की रकम, संपत्तियों और लिक्विड मनी के संबंध में पूछताछ जारी है।
जप्त सामग्री
आरोपियों के कब्जे से 1 लैपटॉप, 1 एप्पल आईपैड, 3 मोबाइल फोन और 1 महिंद्रा थार वाहन जप्त किया गया है, जिसकी कुल कीमत लगभग 20 लाख रुपए बताई जा रही है।
इनकी रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक शिवांशु मालवीय (थाना प्रभारी व्हाय.डी. नगर), उप निरीक्षक रितेश नागर (प्रभारी साइबर सेल), उप निरीक्षक विनय बुंदेला सहित साइबर सेल व थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मंदसौर पुलिस की जनता से अपील
मंदसौर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि बिना जांच-पड़ताल और लालच में आकर किसी भी फर्जी स्कीम या कंपनी में निवेश न करें। अपनी मेहनत की कमाई को सुरक्षित रखें, सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध निवेश योजना की जानकारी पुलिस को दें।