डेस्क न्यूज
02 January, 2026
अन्य
नीमच | मादक पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ चलाए जा रहे निरंतर अभियान के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) नीमच ने 31 दिसंबर को दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है। उप नारकोटिक्स आयुक्त कार्यालय, नीमच की टीम ने विशेष अभियान के दौरान भारी मात्रा में अवैध डोडाचूरा और अल्प्राजोलम पाउडर जब्त कर कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों ही कार्रवाइयां नार्कोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम, 1985 के तहत की गई हैं।
पहली कार्रवाई :- पहले मामले में CBN को विशिष्ट खुफिया सूचना मिली थी कि मंदसौर-रतलाम राजमार्ग के रास्ते पंजाब पासिंग एक ट्रक में अवैध डोडाचूरा की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने डोडर टोल प्लाजा पर घेराबंदी की और 31 दिसंबर की देर रात संदिग्ध ट्रक को रोका। तलाशी के दौरान ट्रक से 30.420 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया, जिसे पाउडर के रूप में छोटे प्लास्टिक पैकेटों में भरकर तीन बड़े प्लास्टिक कट्टों में छिपाया गया था। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर ट्रक को जब्त कर लिया गया है।
दूसरा कार्रवाई :- दूसरे मामले में CBN नीमच की टीम ने कचनारा रेलवे क्रॉसिंग के पास दलौदा-जावरा राजमार्ग पर कार्रवाई की। गुप्त सूचना के आधार पर रतलाम पासिंग काले रंग की होंडा मोटरसाइकिल को रोका गया। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्तियों के कब्जे से 513 ग्राम अल्प्राजोलम पाउडर बरामद किया गया। टीम ने मादक पदार्थ के साथ मोटरसाइकिल को जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
दोनों मामलों में जब्त मादक पदार्थों और वाहनों को NDPS अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत सीज कर दिया गया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों से पूछताछ जारी है, ताकि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने स्पष्ट किया है कि ड्रग तस्करी के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत आगे भी ऐसी सख्त और प्रभावी कार्रवाइयां लगातार जारी रहेंगी।