डेस्क न्यूज
31 December, 2025
अन्य
नीमच। अखिल भारतीय वनवासी कृषि ग्रामीण मजदूर संघ की जिला कार्यकारिणी के विस्तार को लेकर बुधवार को भारतीय मजदूर संघ कार्यालय, गोमाबाई रोड, विद्युत विभाग नीमच में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में नीमच, मंदसौर, रतलाम सहित अन्य जिलों की संगठनात्मक मजबूती और आगामी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राधू सिंह भाभर ने की, जबकि राष्ट्रीय मंत्री भेरूलाल खदेड़ा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक से पूर्व भारतीय मजदूर संघ के जिला अध्यक्ष नितिन साहू, मीडिया प्रभारी शंभू प्रसाद शर्मा और कोषाध्यक्ष राजेश पोरवाल ने राष्ट्रीय पदाधिकारियों का पुष्पमालाओं से स्वागत कर मिठाई खिलाई। जिला अध्यक्ष नितिन साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारतीय मजदूर संघ देश का ऐसा संगठन है, जो सभी वर्गों को साथ लेकर चलने और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करता है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष राधू सिंह भाभर ने कहा कि संगठन के कार्यकर्ता देश के हर कोने में जाकर श्रमिकों, मजदूरों और वनवासी समाज की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाते हैं और उनके समाधान में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। मध्यप्रदेश के व्यापक दौरे के दौरान नीमच पहुंचकर जिला कार्यकारिणी का विस्तार किया गया। इस अवसर पर दुर्गा शंकर दशाणा, निर्दलीय पार्षद नगर पालिका नीमच को जिला संयोजक नियुक्त किया गया।
अखिल भारतीय वनवासी कृषि ग्रामीण मजदूर संघ के जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर जायसवार ने कहा कि संगठन गरीब, मध्यम और सामान्य वर्ग के हितों के लिए सतत कार्य करता है और शासन की योजनाओं का लाभ वंचित वर्ग तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। बैठक में आगामी प्रदेश स्तरीय अधिवेशन और संगठन को और मजबूत बनाने की रणनीतियों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन भारतीय मजदूर संघ के जिला मीडिया प्रभारी शंभू प्रसाद शर्मा ने किया। बैठक में राष्ट्रीय और जिला स्तर के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।