ताजासमाचार

सावधान ! ‘Happy New Year’ मैसेज पर एक क्लिक और उड़ सकती है जिंदगी भर की कमाई, पुलिस कमिश्नरेट की कड़ी चेतावनी

डेस्क न्यूज 31 December, 2025 अन्य

भोपाल। नववर्ष की शुभकामनाओं के नाम पर बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए पुलिस कमिश्नरेट भोपाल द्वारा साइबर क्राइम को लेकर विशेष एडवाइजरी जारी की गई है। पुलिस ने आम नागरिकों को आगाह किया है कि नए साल पर भेजे जाने वाले फर्जी शुभकामना संदेश, वीडियो, लिंक और APK फाइल के जरिए साइबर ठग लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं।

एडवाइजरी में बताया गया है कि अपराधी “Happy New Year” कार्ड या वीडियो के नाम पर लिंक भेजते हैं, जिस पर क्लिक करते ही मोबाइल में मालवेयर इंस्टॉल हो जाता है। इसके अलावा फिशिंग ईमेल और मैसेज के माध्यम से बैंक, UPI या लॉगिन पेज जैसी नकली वेबसाइटों के लिंक भेजे जाते हैं, जिससे लोगों की निजी और वित्तीय जानकारी चोरी हो जाती है।

पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर “नव वर्ष गिफ्ट” या “लकी ड्रॉ” के नाम पर लालच देकर ठगी की जा रही है। कई मामलों में शुभकामना संदेशों के साथ फर्जी ऑफर या कूपन भेजे जाते हैं। वहीं “New_Year_Wishes.apk” जैसी फर्जी ऐप फाइल डाउनलोड करवाकर मोबाइल का पूरा कंट्रोल ठगों के हाथ में चला जाता है।

सावधानी के उपाय--

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी अनजान लिंक या अटैचमेंट पर क्लिक न करें। बैंक, UPI या कार्ड से जुड़ी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। केवल आधिकारिक वेबसाइट या ऐप से ही किसी भी ऑफर या गिफ्ट को स्वीकार करें। सोशल मीडिया पर अज्ञात लोगों से बातचीत या जानकारी साझा करने से बचें। मोबाइल में एंटीवायरस और सुरक्षा अपडेट हमेशा चालू रखें तथा पब्लिक वाई-फाई पर लेनदेन न करें।

अगर गलती से फर्जी ऐप इंस्टॉल हो जाए---
एडवाइजरी में कहा गया है कि यदि किसी ने गलती से फर्जी APK ऐप इंस्टॉल कर लिया है तो तुरंत मोबाइल का इंटरनेट बंद करें। बैंक को सूचित कर पासवर्ड बदलें। जीमेल आईडी का पासवर्ड बदलकर टू-स्टेप वेरिफिकेशन चालू करें। व्हाट्सएप में लिंक्ड डिवाइसेज की जांच कर अनजान डिवाइस को लॉग-आउट करें।

यहां करें शिकायत--
साइबर अपराध से संबंधित किसी भी घटना की सूचना भोपाल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 9479990636 या राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1930 पर दी जा सकती है। इसके अलावा cybercrime.gov.in वेबसाइट पर ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज की जा सकती है।
पुलिस ने अपील की है कि नववर्ष की खुशियों के साथ-साथ सतर्कता भी अपनाएं, क्योंकि आपकी सुरक्षा आपके अपने हाथ में है।

Related Post