डेस्क न्यूज
31 December, 2025
अन्य
नीमच। महिला एवं बाल विकास संचालनालय द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं आंगनवाड़ी सहायिका के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए विज्ञप्ति जारी की गई है। नीमच जिले के अंतर्गत कुल 41 पदों पर नियुक्ति की जाएगी, जिसमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के 10 तथा आंगनवाड़ी सहायिका के 31 पद शामिल हैं। इस भर्ती से जिले की महिलाओं को रोजगार का महत्वपूर्ण अवसर प्राप्त होगा।
जारी जानकारी के अनुसार आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के 10 पदों में परियोजना रामपुर में 1, नीमच ग्रामीण में 3, जावद में 2 एवं मनासा में 4 पद शामिल हैं। वहीं आंगनवाड़ी सहायिका के कुल 31 पदों में परियोजना रतनगढ़ में 4, नीमच ग्रामीण में 13, नीमच शहर में 1, जावद में 8 तथा मनासा में 5 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया पूर्णतः ऑनलाइन रखी गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 31 दिसंबर से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करने की अंतिम तिथि 10 जनवरी निर्धारित की गई है। इसके साथ ही 12 जनवरी तक आवेदन में आवश्यक सुधार करने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी चयन पोर्टल, संबंधित आंगनवाड़ी परियोजना कार्यालय अथवा जिला महिला एवं बाल विकास कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।