डेस्क न्यूज
31 December, 2025
अन्य
नीमच। आगामी 11 जनवरी 2026 को विवेकानंद बस्ती, इंदिरा नगर क्षेत्र में आयोजित होने वाले हिंदू सम्मेलन को भव्य, दिव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप देने के उद्देश्य से क्षेत्र में प्रतिदिन रात्रि 8 से 10 बजे तक सामूहिक संकीर्तन भ्रमण किया जा रहा है। इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहल से पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण निर्मित हो गया है और नागरिकों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।
इसी क्रम में मंगलवार रात्रि 8 बजे इंदिरा नगर स्थित रणजीत हनुमान मंदिर पर श्रद्धालु एकत्रित हुए। वहां से संकीर्तन के रूप में जैन मंदिर होते हुए धर्म ध्वजा के साथ प्रज्ञेश्वर महादेव मंदिर, इंदिरा नगर पहुंचकर भ्रमण संपन्न हुआ। प्रज्ञेश्वर महादेव मंदिर में विधि-विधान से धर्म ध्वजा का पूजन किया गया। इसके पश्चात सामूहिक हनुमान चालीसा का भक्तिमय पाठ एवं श्रीराम धुन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
आयोजकों ने बताया कि आज दिनांक 31 दिसंबर, बुधवार को भी रात्रि 8 बजे प्रज्ञेश्वर महादेव मंदिर, इंदिरा नगर पर पुनः श्रद्धालु एकत्रित होंगे। यहां से संकीर्तन जागरण चैतन्य बालाजी मंदिर पहुंचकर हनुमान चालीसा पाठ किया जाएगा। तत्पश्चात संकीर्तन शीतला माता मंदिर होते हुए विस्तारेश्वर महादेव मंदिर, इंदिरा नगर विस्तार पहुंचेगा, जहां सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ, भारत माता की महा आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का भक्तिपूर्ण समापन किया जाएगा।
सामूहिक संकीर्तन भ्रमण के माध्यम से हिंदू सम्मेलन को लेकर जन-जागरूकता के साथ-साथ धार्मिक चेतना को भी सशक्त किया जा रहा है। आयोजकों का कहना है कि क्षेत्रवासियों के सहयोग से यह सम्मेलन निश्चित रूप से ऐतिहासिक और अविस्मरणीय बनेगा।