ताजासमाचार

अरावली पर संकट के खिलाफ नीमच में गरजे पर्यावरण प्रेमी, “अरावली बचाओ अभियान” के तहत किया प्रदर्शन

डेस्क न्यूज 30 December, 2025 अन्य

नीमच। अरावली पर्वत श्रृंखला के संरक्षण और बचाव को लेकर जिले की अग्रणी साहित्यिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था कृति के तत्वावधान में मंगलवार को 40 नंबर भारत माता चौराहा पर शांतिपूर्ण जन प्रदर्शन आयोजित किया गया। “अरावली पर्वत बचाओ अभियान” के अंतर्गत हुए इस प्रदर्शन में पर्यावरण प्रेमियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, साहित्यकारों, विद्यार्थियों और जागरूक नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अरावली के संरक्षण की पुरजोर मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कृति संस्था के अध्यक्ष डॉ. अक्षय राजपुरोहित एवं किशोर जवेरिया ने कहा कि अरावली पर्वत श्रृंखला केवल पहाड़ों का समूह नहीं, बल्कि क्षेत्र के जलवायु संतुलन, भूजल संरक्षण, जैव-विविधता और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने चिंता जताई कि लगातार हो रहे खनन, अंधाधुंध कटाव और मानवीय हस्तक्षेप के कारण यह प्राचीन पर्वत श्रृंखला गंभीर संकट के दौर से गुजर रही है।
हाल ही में सुप्रीम कोर्ट द्वारा अरावली पर्वत श्रृंखला की नई कानूनी परिभाषा को लेकर लिए गए स्वतः संज्ञान का उल्लेख करते हुए वक्ताओं ने बताया कि नवंबर 2025 में प्रस्तुत परिभाषा के अनुसार केवल 100 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों को ही “अरावली” मानने का प्रस्ताव पर्यावरणीय दृष्टि से बेहद चिंताजनक है। पर्यावरणविदों का मानना है कि इससे नीची पहाड़ियां, वन क्षेत्र और महत्वपूर्ण जलग्रहण क्षेत्र संरक्षण के दायरे से बाहर हो सकते हैं, जिससे अरावली का संपूर्ण पारिस्थितिक तंत्र कमजोर पड़ेगा।
प्रदर्शन में यह भी बताया गया कि अरावली से छेड़छाड़ का सीधा असर जल स्रोतों, जैव-विविधता, वायु गुणवत्ता और जलवायु संतुलन पर पड़ेगा। कुछ रिपोर्टों के अनुसार करीब 10 हजार सक्रिय खदानों के कारण पहाड़ी क्षेत्रों को भारी नुकसान पहुंच रहा है, जो भविष्य में बड़े पर्यावरणीय संकट का कारण बन सकता है।
कृति संस्था ने इस शांतिपूर्ण जन प्रदर्शन के माध्यम से आमजन को अरावली संरक्षण के प्रति जागरूक करने, सामूहिक चेतना विकसित करने और जनभागीदारी को मजबूत बनाने का संदेश दिया। अंत में संस्था ने सभी नागरिकों से प्रकृति संरक्षण के पक्ष में निरंतर सक्रिय रहने और अरावली पर्वत श्रृंखला की रक्षा के लिए संगठित प्रयास करने का आह्वान किया।

Related Post