ताजासमाचार

नववर्ष 2026 को लेकर नीमच पुलिस अलर्ट मोड पर, एडीजीपी उमेश जोगा ने ली अहम बैठक, कानून-व्यवस्था में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त

डेस्क न्यूज 29 December, 2025 अन्य

नीमच। नववर्ष 2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और अनुशासित ढंग से मनाने के उद्देश्य से अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक उज्जैन जोन उमेश जोगा 28 दिसंबर 2025 की सायं जिला नीमच पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पुलिस नियंत्रण कक्ष नीमच स्थित सभाकक्ष में जिले के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों, थाना व चौकी प्रभारियों तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली।
बैठक में जिले की वर्तमान कानून-व्यवस्था, अपराधों की समीक्षा और नववर्ष के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। एडीजीपी उमेश जोगा ने दिसंबर माह में नीमच पुलिस द्वारा की गई प्रभावी और सख्त कार्रवाइयों की सराहना की। विशेष रूप से कुकड़ेश्वर थाना क्षेत्र में गांजे की अवैध खेती के खिलाफ लगातार तीन बड़ी कार्रवाइयों सहित अन्य थाना क्षेत्रों में एम.डी. सहित मादक पदार्थ तस्करों पर की गई सख्त कार्रवाई को प्रशंसनीय बताया।
एडीजीपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नववर्ष के दौरान कानून-व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस बल की समुचित ब्रीफिंग कर पर्याप्त बल की तैनाती सुनिश्चित करें। मॉल, बाजार, होटल, रिसोर्ट, पिकनिक स्पॉट, धार्मिक स्थल एवं संवेदनशील चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए।
ड्रंक एंड ड्राइव और तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ सख्त चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि शराब के नशे में वाहन चलाने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि यदि नववर्ष के दौरान मदिरापान के कारण कोई दुर्घटना या घटना होती है, तो घायल व्यक्ति को थाने लाने के बजाय तत्काल उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया जाए, जिससे किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
नववर्ष के अवसर पर होटल, रिसोर्ट एवं अन्य स्थलों पर आयोजित होने वाली पार्टियों को लेकर आयोजकों के साथ पूर्व बैठक कर सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश देना अनिवार्य किया गया। 29 दिसंबर से जिलेभर में निरंतर चेकिंग अभियान चलाने, गुंडे-बदमाशों एवं अशांति फैलाने वाले तत्वों पर सख्त कार्रवाई, गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और संपत्ति संबंधी अपराधों में अधिक से अधिक बरामदगी के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा महिला अपराधों के हॉट स्पॉट चिन्हित कर विशेष जागरूकता अभियान चलाने, धोखाधड़ी के मामलों की समीक्षा स्वयं राजपत्रित अधिकारियों द्वारा करने, नाबालिगों की शत-प्रतिशत दस्तयाबी, सड़क दुर्घटनाओं के हॉट स्पॉट पर रेस्टोरेशन कार्य तथा हिट एंड रन मामलों में पीड़ितों को सहायता राशि दिलाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक नीमच अंकित जायसवाल, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, प्रभारी एसडीओपी मनासा, महिला सुरक्षा उप पुलिस अधीक्षक निकीता सिंह, रक्षित निरीक्षक विक्रम सिंह भदौरिया सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
नीमच पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नववर्ष को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम नीमच 7049101042, 07423-228000, डायल-112 या नजदीकी थाने को दें।

Related Post