डेस्क न्यूज
29 December, 2025
अन्य
नीमच। जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार कर अवैध रूप से भूमि बेचने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस चौकी नयागांव, थाना जावद को बड़ी और अहम सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इस संगठित षड्यंत्र के मुख्य मास्टर माइंड को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं साजिश में शामिल विक्रम सीमेंट फैक्ट्री खोर के एक अधिकारी को भी आरोपी बनाया गया है। यह कार्रवाई माननीय मुख्यमंत्री द्वारा भू-माफियाओं के विरुद्ध चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी विशेष अभियान के तहत की गई है।
पुलिस अधीक्षक नीमच अंकित जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी जावद रोहित राठौर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जावद निरीक्षक जितेंद्र वर्मा के नेतृत्व तथा चौकी प्रभारी नयागांव मंगलसिंह राठौड़ की टीम ने इस मामले का सफल खुलासा किया।
ये है पूरा मामला
फरियादी बंशीलाल पिता स्व. बगदूराम धाकड़ निवासी चरलिया ब्राह्मण, थाना निम्बाहेड़ा कोतवाली, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) ने शिकायत दर्ज कराई कि उसके पिता स्व. बगदूराम धाकड़ के नाम से कूट-रचित फर्जी वसीयत तैयार की गई। इसी फर्जी दस्तावेज के आधार पर नामांतरण कराकर नयागांव स्थित उसकी जमीन की अवैध रजिस्ट्री कर बिक्री कर दी गई।
शिकायत पर थाना जावद में अपराध क्रमांक 483/2025 धारा 318(4), 336, 338, 339, 340, 61(2), 3(5) बीएनएस 2023 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
ये बनाए गए आरोपी
• अक्षय शर्मा पिता राजेंद्र शर्मा, निवासी बाबल – मुख्य आरोपी
• पुष्पाबाई पत्नी स्व. राधेश्याम गर्ग, चित्तौड़गढ़
• अनिल गर्ग पिता राधेश्याम गर्ग, चित्तौड़गढ़
• संतोषबाई पत्नी मदनलाल जोशी, जावद
• मदनलाल पिता गोपाल जोशी, जावद
• बाबूलाल नाथ पिता रूपलाल नाथ, प्रतापगढ़
• विकास पिता सत्यनारायण चंद्रावत, जावद
इनमें से पुष्पाबाई, अनिल, संतोषबाई, मदनलाल एवं विकास को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है।
अब मास्टर माइंड चढ़ा पुलिस के हत्थे
प्रकरण के मुख्य षड्यंत्रकर्ता अक्षय शर्मा को पुलिस ने 22 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय से पुलिस रिमांड प्राप्त किया। रिमांड के दौरान गहन पूछताछ में आरोपी ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि विक्रम सीमेंट फैक्ट्री खोर का अधिकारी प्रमोद रथ, जो फैक्ट्री के लिए जमीन खरीदने का कार्य करता था, इस पूरे षड्यंत्र में सक्रिय रूप से शामिल था।
विक्रम सीमेंट फैक्ट्री खोर का अधिकारी भी आरोपी
जांच में सामने आया कि प्रमोद रथ ने फर्जी दस्तावेज तैयार कराने और जमीन हड़पने की साजिश में अहम भूमिका निभाई। इस पर उसे भी प्रकरण में आरोपी बनाया गया है।
पुलिस के अनुसार यह मामला संगठित रूप से जमीन हड़पने और फर्जी रजिस्ट्री कराने से जुड़ा हुआ है। प्रकरण की विवेचना फिलहाल जारी है और अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है।