ताजासमाचार

नामी सराफा कारोबारी के निधन के बाद भड़के पीड़ित, सत्यम ज्वेलर्स में फंसे करोड़ो रुपए, न्याय की गुहार लेकर कलेक्टर पहुँचे पीड़ित 

डेस्क न्यूज 29 December, 2025 अन्य

नीमच। शहर के नामी सराफा कारोबारी बहादुर सोनी के निधन के बाद उनके सैकड़ों ग्राहकों की मुश्किलें गहराती नजर आ रही हैं। वर्षों की मेहनत की कमाई और भरोसे की पूंजी अब संकट में फंसी होने का आरोप लगाते हुए रविवार दोपहर 60 से अधिक पीड़ित ग्राहक कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और तहसीलदार संजय मालवीय को ज्ञापन सौंपा। 
ग्राहकों का कहना है कि करीब 15 करोड़ रुपये की राशि और आभूषण सत्यम ज्वेलर्स में फंसे हुए हैं, जिससे अनेक परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।पीड़ितों ने बताया कि उन्होंने बहादुर सोनी पर पूर्ण विश्वास करते हुए अपनी जीवनभर की जमा-पूंजी, सोना-चांदी और नकदी गहने बनवाने के लिए सौंपी थी। बहादुर सोनी के निधन के बाद अब न तो गहने मिल पा रहे हैं और न ही जमा की गई राशि लौटाई जा रही है, जिससे ग्राहकों में असुरक्षा और भय का माहौल बना हुआ है।
ग्राहकों का आरोप है कि बहादुर सोनी के निधन के बाद उनका परिवार और व्यापारिक साझेदार इस पूरी देनदारी से किनारा कर रहे हैं। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि पत्नी प्रमिला सोनी, बेटे विक्रम और सौरभ सोनी, भाई घनश्याम, मुनीम जसवंत और बने सिंह पूरे कारोबार से भली-भांति परिचित थे, इसके बावजूद अब कोई भी जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है।
पीड़ितों ने बताया कि वे वर्षों से सत्यम ज्वेलर्स से जुड़े थे और कई ग्राहकों को फर्म के लेटरपैड पर विधिवत रसीदें भी दी गई थीं। सबसे ज्यादा प्रभावित किसानों को बताया गया है, जिन्होंने अपनी जमीन गिरवी रखकर या कड़ी मेहनत से उपज बेचकर बेटियों की शादी के लिए गहने बनवाने की रकम जमा की थी। अब वही परिवार सबसे अधिक चिंता और मानसिक पीड़ा में हैं। ग्राहकों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों के फरार होने से पहले पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई की जाए और पीड़ितों की जमा पूंजी व आभूषण सुरक्षित रूप से वापस दिलाए जाएं।

Related Post