डेस्क न्यूज
28 December, 2025
अन्य
नीमच। जिस मंच से कांग्रेस संगठन की एकजुटता और शक्ति का संकल्प लिया जाना था, वहीं से कांग्रेस की अंदरूनी कलह सरेआम फूट पड़ी। कांग्रेस स्थापना दिवस पर गांधी भवन में आयोजित कार्यक्रम उस वक्त हंगामे में बदल गया, जब युवा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष यश घनघोरिया की मौजूदगी में ही कार्यकर्ताओं के दो गुट आमने-सामने भिड़ गए। हालात इतने बिगड़े कि गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और “गद्दार है-गद्दार है” के नारे गूंजने लगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जावद विधानसभा अध्यक्ष श्रवण सेन के नेतृत्व में राहुल अहीर, अर्जुन गुर्जर और ऋषि अहीर सहित कई कार्यकर्ता युवा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष यश घनघोरिया का स्वागत कर उन्हें राजकुमार अहीर के कार्यालय ले जाना चाहते थे। इसी बात को लेकर नीमच जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती और उनकी टीम ने खुला विरोध किया।
विरोध के दौरान पहले तीखी बहस हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला धक्का-मुक्की और गाली-गलौज तक पहुंच गया। इस दौरान तरुण बाहेती लगातार राजकुमार अहीर के कांग्रेस से निष्कासन की बात दोहराते रहे, जबकि दूसरी ओर मौजूद युवा कार्यकर्ताओं ने तरुण बाहेती के खिलाफ “गद्दार है-गद्दार है” के नारे लगाना शुरू कर दिया। कुछ देर के लिए गांधी भवन का माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि यह पूरा घटनाक्रम युवा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष यश घनघोरिया के सामने घटा। जिस कार्यक्रम को संगठन की मजबूती का संदेश देना था, वहीं अनुशासनहीनता और गुटबाज़ी खुलकर सामने आ गई।
हालांकि मौके पर मौजूद वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाला और आगे का कार्यक्रम किसी तरह आगे बढ़ाया गया, लेकिन तब तक कांग्रेस की अंदरूनी कलह सार्वजनिक मंच पर उजागर हो चुकी थी।
तरुण बाहेती का पक्ष
नीमच जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने घटनाक्रम को लेकर आरोप लगाते हुए कहा कि
“कांग्रेस से निष्कासित राजकुमार अहीर के कहने पर जानबूझकर कार्यक्रम बिगाड़ने की कोशिश की गई। उनके समर्थकों ने माहौल खराब किया और अनुशासनहीनता फैलाई।”
तरुण बाहेती ने कहा कि कांग्रेस स्थापना दिवस जैसे गरिमामय कार्यक्रम में संगठन को बदनाम करने की साजिश रची गई, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरे मामले की जानकारी प्रदेश नेतृत्व को दी जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी।