ताजासमाचार

कुएं में गिरने से युवक की दर्दनाक मौत, खेत पर काम करते समय हुआ हादसा

डेस्क न्यूज 28 December, 2025 अन्य

नीमच। थाना जीरन क्षेत्र के ग्राम तालखेड़ा में शनिवार को एक हृदयविदारक हादसा सामने आया, जहां खेत पर काम कर रहे 35 वर्षीय युवक की कुएं में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान कमलेश पिता प्यारचंद पाटीदार, निवासी ग्राम तालखेड़ा के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कमलेश शनिवार को रोज़ की तरह अपने खेत पर कृषि कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह खेत में स्थित कुएं में जा गिरा। घटना के समय आसपास मौजूद लोगों को जब तक इसकी भनक लगी, तब तक काफी देर हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही सुरेश पिता काशीराम मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से कमलेश को कुएं से बाहर निकालकर शाम करीब 5 बजे नीमच जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। रविवार को जिला अस्पताल में पुलिस की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

Related Post