डेस्क न्यूज
28 December, 2025
अन्य
उज्जैन \ नीमच | उज्जैन जिले की खाचरोद उपजेल से तीन कैदियों के फरार होने के मामले में अब कार्रवाई का दायरा बढ़ता जा रहा है। लापरवाही सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए नीमच जेल के जेलर मनोज चौरसिया सहित तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है । मनोज चौरसिया पर आरोप है कि उन्होंने समय रहते खाचरोद उपजेल का चार्ज नहीं लिया, जिससे सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई।
आपको बता दें कि 25 दिसंबर की शाम खाचरोद उपजेल से सीढ़ी के सहारे दीवार फांदकर फरार हुए तीनों कैदियों में दो बलात्कार के आरोपी और एक हत्या के मामले में बंद कैदी शामिल थे। इस गंभीर घटना के बाद जेल विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए, जिसके चलते मध्य प्रदेश जेल विभाग के डीजी वरुण कपूर स्वयं खाचरोद पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया।
जेल प्रहरी सहित तीन निलंबित
डीजी जेल के दौरे के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो जेल अधिकारियों और एक जेल प्रहरी को निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही खाचरोद उपजेल के प्रभारी नवीन नीमा को भी सस्पेंड किया गया है। वहीं नीमच जेल के जेलर मनोज चौरसिया, जिन्होंने समय पर खाचरोद उपजेल का चार्ज नहीं लिया था, उन्हें भी निलंबित किया गया है। डीजी जेल ने कहा है कि फरार कैदियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और इस मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।