ताजासमाचार

तस्करी पर नयागांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 704 किलो डोडाचूरा और बोलेरो जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार, दूसरा हुआ मौके से फरार

डेस्क न्यूज 27 December, 2025 अन्य

नीमच। मुख्यमंत्री के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थ तस्करी एवं नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी विशेष अभियान के तहत नीमच पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसौदिया के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी जावद रोहित राठौर के निर्देशन में जावद थाना पुलिस और नयागांव चौकी टीम ने 704 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा के साथ एक बोलेरो पिकअप जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 24 दिसंबर 2025 को विश्वसनीय मुखबिर की सूचना पर नवकार सिटी गेट के सामने नीमच-निंबाहेड़ा फोरलेन हाईवे पर नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान नीमच की ओर से आ रही महिंद्रा बोलेरो पिकअप क्रमांक MP-44-GH-7280 को रोका गया। पुलिस को देखकर चालक वाहन को कुछ दूरी पर रोककर मौके से फरार हो गया, जबकि उसके साथी को पकड़ लिया गया।

पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम गंगाराम पिता हजारीलाल बंजारा (उम्र 48 वर्ष) निवासी ग्राम अरनिया मामादेव, जिला नीमच बताया। उसने फरार चालक का नाम ईश्वर सिंह बंजारा निवासी ग्राम देपालपुर बताया। आरोपी की अभिरक्षा में लेकर वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 704 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा पाया गया, जिसे विधिवत एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत जब्त किया गया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। मामले में फरार आरोपी की तलाश जारी है। इस संपूर्ण कार्रवाई में नयागांव चौकी पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Related Post