ताजासमाचार

श्रद्धा, उल्लास और भाईचारे की रौशनी में नीमच ने मनाया प्रभु यीशु मसीह का पावन क्रिसमस पर्व

डेस्क न्यूज 25 December, 2025 अन्य

नीमच। शांति, प्रेम और करुणा के प्रतीक प्रभु यीशु मसीह का पावन जन्मोत्सव क्रिसमस गुरुवार को नीमच शहर में ईसाई समाज द्वारा श्रद्धा, हर्षोल्लास और आत्मीयता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रभु यीशु के प्रेम, सेवा, त्याग और मानवता के संदेश को आत्मसात करने और समाज में भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।

क्रिसमस पर्व के मौके पर शहर में उल्लासपूर्ण माहौल देखने को मिला। चर्च परिसरों में विशेष धार्मिक आयोजन हुए, वहीं आशीष भवन चर्च को आकर्षक सजावट और रंगीन रोशनी से सजाया गया। चर्च में आयोजित विशेष प्रार्थना सभा में बड़ी संख्या में ईसाई समाजजन शामिल हुए। सामूहिक प्रार्थना के दौरान प्रभु यीशु द्वारा बताए गए मार्ग पर चलने और समाज में शांति, सद्भाव व प्रेम का प्रसार करने की कामना की गई।

प्रार्थना सभा के पश्चात केक सेरेमनी का आयोजन किया गया, जहां सभी ने मिलकर केक काटा और एक-दूसरे को क्रिसमस की शुभकामनाएं देकर पर्व की खुशियां साझा कीं। समारोह के दौरान आपसी सौहार्द और सामाजिक एकता का सुंदर उदाहरण देखने को मिला।

इस अवसर पर चर्च के फादर विनोद मईड़ा ने देशवासियों एवं नीमच शहरवासियों को क्रिसमस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रभु यीशु मसीह का जीवन संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि प्रभु यीशु ने प्रेम, त्याग, सेवा और करुणा का जो संदेश दिया, वह आज के समय में और भी अधिक प्रासंगिक हो गया है। उनका संदेश समाज में शांति, सद्भाव और भाईचारे की स्थापना का मार्ग दिखाता है। फादर मईड़ा ने सभी लोगों से आपसी प्रेम और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

क्रिसमस समारोह में ईसाई समाज के साथ-साथ अन्य समाजों के लोगों की भी उल्लेखनीय सहभागिता रही। कांग्रेस सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों और अन्य समाजजनों ने चर्च पहुंचकर ईसाई समाज को क्रिसमस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं, जिससे आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश और मजबूत हुआ।

Related Post