ताजासमाचार

हिंगोरिया फाटक क्षेत्र के युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, सल्फास सेवन के बाद उपचार के दौरान तोड़ा दम

डेस्क न्यूज 24 December, 2025 अन्य

नीमच। शहर के समीप हिंगोरिया फाटक के पीछे निवासरत 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक ने कथित रूप से सल्फास का सेवन कर लिया था, जिसके बाद उपचार के लिए ले जाते समय उसकी रास्ते में मौत हो गई। मृतक की पहचान विशाल पिता गुड्डूलाल भील के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विशाल मंगलवार सुबह घर से नौकरी पर जाने की बात कहकर निकला था। वह जावद क्षेत्र के मोरका स्थित एक पॉलिटेक्निक कॉलेज में कार्यरत था, लेकिन वहां नहीं पहुंचा। दोपहर करीब 3.30 बजे विशाल ने अपने भाई राकेश को फोन कर बताया कि उसने मल्हारगढ़ से आगे भैंसाखेड़ा गांव के जंगल क्षेत्र में जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया है।
जानकारी मिलते ही परिजन तत्काल बताए गए स्थान पर पहुंचे और गंभीर अवस्था में विशाल को मोटरसाइकिल से नीमच जिला अस्पताल लेकर आए। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे उदयपुर रेफर कर दिया।
परिजन युवक को उपचार के लिए उदयपुर ले जा रहे थे, लेकिन रात करीब 11 बजे डबोक और उदयपुर के बीच रास्ते में ही विशाल ने दम तोड़ दिया। बुधवार सुबह नीमच जिला अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम किया गया, इस दौरान परिजन और परिचित मौजूद रहे।
फिलहाल युवक द्वारा यह कदम उठाने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर आत्महत्या के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

Related Post