ताजासमाचार

जिला अस्पताल में पार्किंग ड्यूटी पर तैनात गार्ड से टीबी वार्ड की महिला कर्मचारी व पति की अभद्रता, कवरेज कर रहे मीडिया कर्मी से मोबाइल छीनने का प्रयास

डेस्क न्यूज 24 December, 2025 अन्य

नीमच। जिला चिकित्सालय में इन दिनों पार्किंग व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ी हुई नजर आ रही है। साइकिल स्टैंड का ठेका निरस्त होने और लंबे समय से नया टेंडर नहीं होने के कारण अस्पताल परिसर में अव्यवस्था का माहौल बन गया है। हालात यह हैं कि मरीजों, उनके परिजनों के साथ-साथ अस्पताल स्टाफ द्वारा भी वाहन मनमाने ढंग से परिसर और वार्डों के मुख्य द्वार पर खड़े कर दिए जा रहे हैं।

इस अव्यवस्थित पार्किंग के चलते मरीजों को वार्डों तक पहुंचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं एंबुलेंस के आवागमन में भी गंभीर बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं। आपात स्थिति में यह अव्यवस्था किसी बड़े हादसे का कारण भी बन सकती है।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अस्पताल प्रशासन ने सुरक्षा गार्डों के माध्यम से वाहनों के प्रवेश और पार्किंग को व्यवस्थित करने का प्रयास किया है, लेकिन सहयोग के अभाव में यह प्रयास भी कारगर साबित नहीं हो पा रहा है।

बुधवार को अस्पताल परिसर में उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब टीबी वार्ड में पदस्थ एक महिला कर्मचारी अपने पति के साथ वाहन लेकर भीतर प्रवेश करना चाह रही थी। सुरक्षा गार्ड द्वारा नियमों का हवाला देते हुए रोके जाने पर महिला कर्मचारी और उसके पति ने गार्ड के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और बदतमीजी की।

घटना यहीं तक सीमित नहीं रही। मौके पर कवरेज कर रहे एक मीडिया कर्मी के साथ भी महिला कर्मचारी द्वारा दुर्व्यवहार किया गया और उसका मोबाइल फोन छीनने का प्रयास किया गया, जिससे मामला और गंभीर हो गया।

गौर करने वाली बात यह है कि जब अस्पताल के अपने कर्मचारी ही नियमों की अनदेखी करते हुए व्यवस्थाओं को बिगाड़ने में लगे हों और ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्डों से अभद्रता करें, तो आम नागरिकों से अनुशासन और सहयोग की उम्मीद करना कठिन हो जाता है।

अब सवाल यह है कि अस्पताल प्रशासन इस तरह की घटनाओं पर क्या सख्त कदम उठाएगा और कब तक जिला चिकित्सालय में सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था बहाल की जाएगी, ताकि मरीजों और आमजन को राहत मिल सके।

Related Post