डेस्क न्यूज
23 December, 2025
अन्य
नीमच। जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर जिला युवा कांग्रेस ने मंगलवार को तीखा विरोध दर्ज कराया। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए नायब तहसीलदार को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा और जिला चिकित्सालय नीमच में व्याप्त भ्रष्टाचार, अव्यवस्थाओं और प्रशासनिक उदासीनता पर गंभीर आरोप लगाए।
जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मनमोहन सिंह (मन्नू बना बांगरेड) के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि जिला चिकित्सालय, जो कभी जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ माना जाता था, आज राजनीतिक उपेक्षा और प्रशासनिक लापरवाही के कारण केवल रैफरल सेंटर बनकर रह गया है। आम जनता, खासकर गरीब मरीजों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।
प्रसूति वार्ड में अवैध वसूली का आरोप
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि जिला अस्पताल के मैटरनिटी वार्ड में प्रसव और छोटे ऑपरेशनों के नाम पर मरीजों के परिजनों से 5 हजार से 10 हजार रुपये तक की अवैध वसूली की जा रही है। बार-बार शिकायतों के बावजूद दोषियों पर कार्रवाई नहीं होना, प्रशासनिक मिलीभगत की ओर इशारा करता है।
हड्डी रोग विभाग की मनमानी
युवा कांग्रेस ने ऑर्थोपेडिक विभाग पर भी गंभीर आरोप लगाए। ज्ञापन में कहा गया कि अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टर होने के बावजूद मरीजों को निजी दुकानों से रॉड, प्लेट और अन्य सर्जिकल सामग्री खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा है, जिससे गरीब मरीजों पर 10 से 15 हजार रुपये का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
मशीनें बंद, निजी लैब को फायदा
जिला अस्पताल की एक्स-रे मशीनें महीनों तक जानबूझकर बंद रखे जाने का आरोप भी लगाया गया। हाल ही में एक्स-रे मशीन करीब 45 दिनों तक बंद रही, जिससे मरीजों को निजी जांच केंद्रों की ओर धकेला गया। युवा कांग्रेस ने इसकी उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
डॉक्टरों और स्टाफ की भारी कमी
ज्ञापन में बताया गया कि अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की भारी कमी है, जिससे मरीजों को घंटों लाइन में लगना पड़ता है और इलाज में लापरवाही हो रही है। इसके बावजूद जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की चुप्पी पर सवाल खड़े किए गए।
प्रशासन को चेतावनी
युवा कांग्रेस ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया और व्यवस्था में पारदर्शिता नहीं लाई गई, तो संगठन जनप्रतिनिधियों का घेराव और उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर नीमच विधानसभा अध्यक्ष अजय यादव, उपाध्यक्ष अर्जुन धनगर, मनासा विधानसभा अध्यक्ष अशोक गुर्जर, कुकडेश्वर ब्लॉक अध्यक्ष लालचंद धनगर, रामपुरा ब्लॉक अध्यक्ष रोहित गुर्जर, जावद ब्लॉक अध्यक्ष सुनील धाकड़, अभिसेक,साहिल, रविंद्र सिंह,रघुवीर,श्याम सिंह,शैलेंद्र सिंह,यश, कृपाल मंडलोई, दीपक राठौर, भरत मेघवाल, रामदेव, अनुप जूनवाल सहित नीमच जिला कांग्रेस से जिलाध्यक्ष अध्यक्ष तरुण जी बाहेती, पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल चौरसिया, ब्रजेश सक्सेना, पृथ्वी सिंह वर्मा, गजेंद्र यादव, नीमच शहर ब्लॉक अध्यक्ष मोनू लोक्स, ओम दिवान, बलवंत पाटीदार, नरेंद्र सिंह राणावत, हिदायत उल्ला खान, जगदीश पूरन, संदीप शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस परिवार के साथी उपस्थित रहे और ज्ञापन का वाचन युवा कांग्रेस अध्यक्ष मन्नू बना ने किया ।