ताजासमाचार

पेंशन की गारंटी को लेकर पेंशनर्स एकजुट, 23 दिसंबर को नीमच में रैली व ज्ञापन

डेस्क न्यूज 22 December, 2025 अन्य

नीमच। पेंशन की गारंटी अर्थात पेंशन का भुगतान ट्रेजरी के माध्यम से सुनिश्चित किए जाने की मांग को लेकर मध्य प्रदेश में कार्यरत पांच पेंशनर्स संगठनों ने मिलकर संयुक्त मोर्चे का गठन किया है। संयुक्त मोर्चे के निर्देशानुसार विद्युत पेंशनर्स द्वारा अपनी दो सूत्रीय प्रमुख मांगों—पेंशन की गारंटी तथा केंद्रीय तिथि से महंगाई राहत घोषित करने—को लेकर 23 दिसंबर 2025, मंगलवार को माननीय मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर नीमच के माध्यम से ज्ञापन सौंपा जाएगा।
ज्ञापन सौंपने से पूर्व नीमच जिले के समस्त पेंशनर्स दोपहर 1 बजे मुक्ति धाम बस स्टैंड ग्रिड स्थित पेंशनर कार्यालय से विशाल रैली के रूप में रवाना होंगे। रैली 40 नंबर फ्यूज कॉल केंद्र पर पहुंचेगी, जहां से दोपहिया वाहनों के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन दिया जाएगा।
पेंशनर्स एसोसिएशन के प्रांतीय उपसचिव भूपाल सिंह राठौर, जिला अध्यक्ष श्यामसुंदर बैरागी, जिला उपाध्यक्ष श्याम अग्रवाल, भेरूलाल शर्मा, सचिव सूरज मल आर्य, घीसालाल जोशी, देवीलाल हाड़ा एवं चंपालाल गेहलोत ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए कहा कि इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए केवल नेतृत्व ही नहीं, बल्कि प्रदेश के प्रत्येक विद्युत पेंशनर का समर्पित सहयोग आवश्यक है। उन्होंने सभी पेंशनर्स से संयुक्त मोर्चे के तहत प्रस्तावित आंदोलन में पूरी तन्मयता से सहभागिता निभाने और अपने अधिकारों व पेंशन की सुरक्षा के लिए कंधे से कंधा मिलाकर साथ देने का आह्वान किया।
पेंशनर्स नेताओं ने कहा कि यह मांग सहज नहीं है और शासन से इसका निराकरण आसान नहीं होगा। जब महंगाई राहत जैसे अपेक्षाकृत सरल मुद्दे भी समय पर केंद्र सरकार के अनुरूप नहीं मिल पा रहे हैं, तब पेंशन की गारंटी जैसी महत्वपूर्ण मांग के लिए शक्ति और संख्या बल का प्रदर्शन आवश्यक है। उन्होंने आशंका जताई कि विद्युत विभाग के निजीकरण और विद्युत अधिनियम में संभावित बदलावों का पेंशन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। ऐसे में सभी पेंशनर्स को केवल चिंतित ही नहीं, बल्कि सजग रहते हुए संगठित संघर्ष के लिए तैयार रहना होगा।

Related Post