ताजासमाचार

नीमच में सकल यादव समाज का अखिल भारतीय वैवाहिक परिचय सम्मेलन संपन्न, 7 राज्यों से 511 युवक-युवतियों की ऐतिहासिक सहभागिता

डेस्क न्यूज 21 December, 2025 अन्य

नीमच। सकल यादव समाज नीमच के तत्वावधान में अखिल भारतीय युवक–युवती वैवाहिक परिचय सम्मेलन का भव्य, अनुशासित एवं सुव्यवस्थित आयोजन रविवार 21 दिसंबर 2025 को टाउन हॉल, नीमच में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस सम्मेलन ने सामाजिक एकता, संगठनात्मक मजबूती और संस्कारयुक्त विवाह व्यवस्था का सशक्त संदेश दिया।
अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित इस सम्मेलन में मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र, दिल्ली, गुजरात एवं तेलंगाना सहित सात राज्यों से कुल 511 विवाह योग्य प्रत्याशियों ने सहभागिता की। इनमें 324 युवक एवं 187 युवतियां शामिल रहीं। रिकॉर्ड संख्या में प्राप्त प्रविष्टियों से समाज में खासा उत्साह देखने को मिला और यह सम्मेलन यादव समाज के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में सामने आया।
परिचय सम्मेलन समिति अध्यक्ष यशवंत गोयल, परिचालन समिति अध्यक्ष रविशंकर जेरिया एवं कोर समिति अध्यक्ष विनोद यादव ने बताया कि कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, एनजीओ प्रतिनिधि, महिला संगठनों एवं सामाजिक समूहों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। सम्मेलन ने सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय स्तर पर समाज को जोड़ने का कार्य किया।
सम्मेलन में शामिल प्रत्याशियों में प्रशासनिक अधिकारी, प्रोफेसर, इंजीनियर, डॉक्टर, आईआईटी प्रोफेशनल, मल्टीनेशनल कंपनियों में कार्यरत युवा, राज्य व केंद्र सरकार के अधिकारी-कर्मचारी सहित विभिन्न क्षेत्रों में दक्ष और उच्च शिक्षित युवक-युवतियां सम्मिलित रहे। समिति द्वारा सभी प्रतिभागियों एवं अतिथियों के लिए आवास, ठहराव एवं भोजन की समुचित और सराहनीय व्यवस्था की गई थी।
कार्यक्रम की गरिमा उस समय और बढ़ गई जब यादव समाज के आईएएस, आईपीएस, आईआरएस स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों ने मंच से युवाओं और अभिभावकों को मार्गदर्शन प्रदान किया। साथ ही सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रतिनिधियों की सहभागिता ने सम्मेलन को और अधिक प्रेरणादायी बना दिया।
वक्ताओं ने अपने उद्बोधन में कहा कि यादव समाज ने शिक्षा को अपनी शक्ति बनाकर प्रशासन, पुलिस, वन विभाग, रक्षा सेवाओं, खेल, शिक्षा एवं कॉर्पोरेट जगत में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। समाज के युवाओं ने चतुर्थ श्रेणी से लेकर प्रमुख सचिव जैसे उच्च पदों तक पहुंचकर समाज और देश का नाम रोशन किया है। अनेक युवाओं ने शिक्षा में गोल्ड मेडल प्राप्त किए हैं तथा विदेशों में मल्टीनेशनल कंपनियों में उच्च पदों पर कार्य कर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाई है।
समिति सदस्यों ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में ऐसे वैवाहिक परिचय सम्मेलन समय की आवश्यकता हैं। यह मंच युवाओं और अभिभावकों को सीधे संवाद का अवसर प्रदान करता है, जिससे विवाह प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और दहेज जैसी सामाजिक कुरीतियों से मुक्त हो सके। दूरदराज क्षेत्रों में निवासरत समाजजनों के लिए यह आयोजन एक मजबूत और सार्थक सेतु साबित हो रहा है।

Related Post