डेस्क न्यूज
21 December, 2025
अन्य
हरदा | हरदा में करणी सेना परिवार द्वारा आयोजित जनक्रांति न्याय आंदोलन को लेकर शहर में जबरदस्त हलचल देखने को मिल रही है। प्रशासन ने आंदोलन के आयोजन हेतु नेहरू स्टेडियम की अनुमति दे दी है। यह आंदोलन 12–13 जुलाई को करणी सेना परिवार एवं राजपूत समाज के लोगों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध और 21 सूत्रीय मांगों को लेकर किया जा रहा है।
आंदोलन की तैयारियों को लेकर करणी सेना परिवार बीते तीन महीनों से गांव-गांव जाकर जनजागरण अभियान चला रहा था। अब आंदोलन अपने निर्णायक चरण में पहुंच चुका है। नेहरू स्टेडियम में विशाल मंच पूरी तरह तैयार कर लिया गया है, मंच और उसके आसपास करणी सेना के झंडे लहराते नजर आ रहे हैं, जिससे पूरा माहौल आंदोलनमय बन गया है।
रात के समय भी करणी सेना परिवार के सैनिक जोश और उत्साह के साथ नारेबाजी करते हुए सक्रिय दिखाई दिए। शहर की प्रमुख सड़कों पर बड़ी संख्या में करणी सैनिकों की मौजूदगी ने माहौल को और अधिक गरमा दिया है। आंदोलन को लेकर करणी सेना परिवार में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
आयोजकों का कहना है कि यह आंदोलन केवल विरोध नहीं बल्कि न्याय और सम्मान की लड़ाई है, जिसमें समाज के हर वर्ग का समर्थन मिल रहा है।
जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश के साथ-साथ राजस्थान, उत्तरप्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र सहित देश के विभिन्न राज्यों से करणी सैनिक आंदोलन में शामिल होने हरदा पहुंच रहे हैं।
वहीं दूसरी ओर प्रशासन भी कानून-व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। शहर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। जनक्रांति न्याय आंदोलन को लेकर हरदा इस समय प्रदेशभर में चर्चा का केंद्र बना हुआ है।