ताजासमाचार

नीमच में 21 दिसंबर को होगा सकल यादव समाज का अखिल भारतीय युवक-युवती वैवाहिक परिचय सम्मेलन, सात राज्यों से 511 प्रत्याशी लेंगे भाग

डेस्क न्यूज 19 December, 2025 अन्य

नीमच। सकल यादव समाज नीमच द्वारा अखिल भारतीय स्तर पर युवक-युवती वैवाहिक परिचय सम्मेलन का आयोजन 21 दिसंबर 2025 को प्रातः 9 बजे से टाउन हॉल, नीमच में किया जा रहा है। इस सम्मेलन में मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र, दिल्ली, गुजरात एवं तेलंगाना सहित सात राज्यों से कुल 511 विवाह योग्य प्रत्याशी भाग लेंगे, जिनमें 324 युवक एवं 187 युवतियां शामिल हैं।
आयोजन को लेकर समाज में विशेष उत्साह देखा जा रहा है, क्योंकि अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित इस सम्मेलन में पहली बार रिकॉर्ड संख्या में प्रविष्टियां प्राप्त हुई हैं। सम्मेलन के माध्यम से युवक-युवतियों को अपने मनपसंद एवं योग्य जीवनसाथी के चयन का सुअवसर प्राप्त होगा।
प्रेस को जारी संयुक्त विज्ञप्ति में परिचय सम्मेलन समिति अध्यक्ष यशवंत गोयल, परिचालन समिति अध्यक्ष रविशंकर जेरिया एवं कोर समिति अध्यक्ष विनोद यादव ने बताया कि इस आयोजन में मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों के सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, सदस्य, एनजीओ, सामाजिक कार्यकर्ता, महिला संगठन एवं विभिन्न सामाजिक समूहों के प्रतिनिधि सहभागिता करेंगे। इस प्रकार का आयोजन समाज में एकता, समरसता और मजबूती प्रदान करता है।
सम्मेलन में भाग लेने वाले प्रत्याशियों में प्रशासनिक अधिकारी, प्रोफेसर, इंजीनियर, डॉक्टर, आईआईटी प्रोफेशनल, मल्टीनेशनल कंपनियों में कार्यरत युवा तथा राज्य व केंद्र सरकार की सेवाओं में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं। समिति द्वारा बाहर से आने वाले प्रतिभागियों के लिए ठहरने एवं भोजन की समुचित व्यवस्था की गई है।
इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ आईएएस, आईपीएस, आईआरएस स्तर के अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे और युवाओं को मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट सामाजिक कार्य करने वाले प्रतिनिधि भी सम्मेलन में शामिल होंगे, जिससे सामाजिक एकता का संदेश जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि वर्तमान व्यस्त जीवनशैली में वैवाहिक परिचय सम्मेलन एक सार्थक सामाजिक पहल है, जिससे पारदर्शी एवं सहज तरीके से रिश्तों का चयन संभव हो पाता है। यह आयोजन दहेज जैसी सामाजिक बुराई को कम करने और सही रिश्ते खोजने में सहायक सिद्ध होता है। उक्त जानकारी अखिल भारतीय परिचय सम्मेलन के उपाध्यक्ष योगेश राजोरा ने दी।

Related Post