ताजासमाचार

जीरन पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 100 किलो डोडाचूरा सहित कार जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

डेस्क न्यूज 19 December, 2025 अन्य

नीमच | नीमच जिले के थाना जीरन पुलिस को अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश एवं पुलिस महानिदेशक, पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशों के पालन में पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी जीरन निरीक्षक उमेश यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 100 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा सहित एक वोक्सवेगन कार जब्त की है।
घटना 17 दिसंबर 2025 की रात की है, जब पुलिस सहायता केंद्र के सामने हरकियाखाल फंटा फोरलेन हाईवे रोड पर वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान वोक्सवेगन कार क्रमांक जीजे 07 एआर 9047 के चालक ने पुलिस को देखकर वाहन को पीछे मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान कार से चार प्लास्टिक के कट्टों में भरा 100 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया।
पुलिस ने मौके से डोडाचूरा सहित वाहन को जब्त किया, जिसकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 11 लाख रुपये बताई जा रही है। जप्त सामग्री में 3 लाख रुपये मूल्य का डोडाचूरा, करीब 8 लाख रुपये कीमत की वोक्सवेगन कार तथा 14 हजार रुपये कीमत के दो मोबाइल फोन शामिल हैं। इस मामले में आरोपी पुखराज पिता तुलचाराम जाट उम्र 26 वर्ष निवासी भटाला, थाना सेन्दरी, जिला बाड़मेर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पीराराम पिता शेराराम जाट निवासी नेरा की ढाणी, तहसील सेन्दरी, जिला बाड़मेर (राजस्थान) फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
जप्तशुदा मादक पदार्थ के संबंध में पूछताछ कर विस्तृत विवेचना की जा रही है। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश यादव सहित जीरन पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध मादक पदार्थ तस्करों में हड़कंप मच गया है और जिले में नशे के कारोबार पर करारा प्रहार माना जा रहा है।

Related Post