ताजासमाचार

नीमच सब्जी मंडी में नगर पालिका एक्शन, वर्षों से चला आ रहा अतिक्रमण जमींदोज

डेस्क न्यूज 18 December, 2025 अन्य

नीमच। शहर की सब्जी मंडी में लगातार बढ़ते अतिक्रमण से आमजन को हो रही परेशानियों को देखते हुए नगर पालिका ने बुधवार को सख्त कदम उठाया। नगर पालिका सीएमओ दुर्गा बामनिया के निर्देश पर नगर पालिका अधिकारी एवं फील्ड अधिकारी हेमंत कलोशीय अपनी टीम के साथ सब्जी मंडी क्षेत्र पहुंचे और अतिक्रमण हटाने की प्रभावी कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान वर्षों से दुकानदारों द्वारा सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया। इस दौरान अवैध रूप से रखे गए सामान, टूटे-फूटे ठेले, लकड़ी, लोहे के ढांचे और पतरे जप्त किए गए, जिन्हें नगर पालिका के पुराने परिसर में सुरक्षित रखवाया गया।

नगर पालिका अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण के कारण सब्जी मंडी क्षेत्र में आए दिन जाम की स्थिति बन रही थी, जिससे नागरिकों और ग्राहकों को आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ रही थी। कार्रवाई के दौरान दुकानदारों को सख्त हिदायत दी गई कि भविष्य में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें, अन्यथा और कठोर कार्रवाई की जाएगी। नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर को सुव्यवस्थित, स्वच्छ और यातायात सुगम बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करें और शहर की व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

Related Post