डेस्क न्यूज
13 December, 2025
अन्य
नीमच। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सी.आर.पी.एफ. नीमच में विद्यार्थियों की प्रतिभा और सर्वांगीण विकास को मंच देने के उद्देश्य से एक दिवसीय सृजन कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों को अभिभावकों और शिक्षकों के समक्ष प्रस्तुत करना तथा विद्यालय में हो रहे कार्यों से उन्हें अवगत कराना रहा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों से जुड़े प्रोजेक्ट, मॉडल, चार्ट और रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। बच्चों की प्रस्तुति, आत्मविश्वास और कौशल को देखकर अभिभावकों ने प्रसन्नता व्यक्त की और विद्यालय के प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों के नैतिक मूल्यों, व्यवहारिक ज्ञान और समग्र विकास से अभिभावकों को अवगत कराया गया। साथ ही कमजोर शैक्षणिक प्रदर्शन या अनियमित उपस्थिति वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों से प्राचार्य, कक्षाध्यापकों एवं शिक्षकों द्वारा व्यक्तिगत चर्चा कर उन्हें आगामी रेमीडियल कक्षाओं में बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने के लिए प्रेरित किया गया।
अभिभावकों को विद्यालय की कम्प्यूटर लैब, विज्ञान प्रयोगशाला, पुस्तकालय, करियर गाइडेंस, उमंग कार्यक्रम सहित विभिन्न शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी भी दी गई, जिससे विद्यालय के प्रति उनका विश्वास और सहभागिता और मजबूत हुई।
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट उपस्थिति दर्ज कराने वाले, अर्धवार्षिक परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले एवं विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। उनके अभिभावकों को भी प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह भेंट किए गए।
विद्यालय के प्राचार्य ज्ञानवर्धन श्रीवास्तव ने कहा कि सृजन कार्यक्रम विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर संवाद और समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक सकारात्मक पहल है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, विद्यार्थी और विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।