डेस्क न्यूज
13 December, 2025
अन्य
निंबाहेड़ा\नीमच । कोतवाली थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। वसुंधरा मल्टी के पास हुए इस भीषण हादसे में तीन वाहनों की आपसी टक्कर में दंपत्ति सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सड़क किनारे पिकअप वाहन का चालक और उसका सहचालक टायर बदल रहे थे, तभी पीछे से तेज़ रफ्तार में आ रही ओमनी वैन अनियंत्रित होकर पिकअप से जा टकराई। हादसे की भयावहता यहीं नहीं थमी—इसी दौरान एक थार कार भी दोनों वाहनों से टकरा गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के तुरंत बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को नजदीकी चिकित्सालय पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने मारुति ओमनी में सवार चालक लखन पुत्र सुरेशचंद्र, निवासी सरवानिया महारा और उनकी पत्नी सविता को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं, इस दर्दनाक हादसे में बसंतीलाल पुत्र भैरूलाल, निवासी मंदसौर की भी मौत हो गई।
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि बसंतीलाल पिकअप वाहन का चालक था, जबकि उसका सहचालक हस्तीमल पामेचा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात संभाले। मृतकों के शवों को चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कर शव सौंपे जाएंगे।
फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू करवा दिया है। इस हृदयविदारक हादसे ने एक बार फिर तेज़ रफ्तार और लापरवाही के खतरे को उजागर कर दिया है।