ताजासमाचार

150 साल पुराने नीमच रेलवे स्टेशन का हो रहा कायाकल्प, ‘अमृत भारत स्टेशन’ योजना के तहत चमकेगा स्टेशन

डेस्क न्यूज 12 December, 2025 अन्य

नीमच। लगभग डेढ़ सदी पुराने नीमच रेलवे स्टेशन में इस समय विकास की तेज रफ्तार दौड़ रही है। वर्ष 1880 में बना यह ऐतिहासिक स्टेशन, अब अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से लैस होकर नए रूप में चमक उठा है और करीब इसका 90 प्रतिशत काम हो चूका है । रेलवे प्रशासन और स्थानीय टीम की मेहनत ने स्टेशन की सूरत ही बदल दी है। इस परिवर्तन यात्रा का खुलासा पत्रकारों के बीच संवाद कार्यक्रम में खुद पीआरओ खेमराज मीना, वाणिज्य निरीक्षक प्रवीण ओझा, और स्टेशन मास्टर वी.के. विश्वा ने किया। 


3 करोड़ की लागत में बदला स्टेशन का चेहरा
करीब 150 वर्ष पुराने नीमच स्टेशन के पुनर्निर्माण में लगभग 3 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इस राशि से स्टेशन को आधुनिक लुक, बेहतर सुविधाएँ और यात्रियों की सुविधा के लिए उपयोगी कई संरचनाएँ तैयार की गई हैं। ऐतिहासिक धरोहर को सुरक्षित रखते हुए नया रूप दिया गया है, जिससे स्टेशन का आकर्षण और बढ़ गया है।


लिफ्ट का काम अंतिम चरण में, जल्द मिलेगी सुविधा
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर लगाई जा रही लिफ्ट का काम भी अंतिम चरण में पहुँच चुका है। इससे बुजुर्गों, बच्चों, महिलाओं और दिव्यांग यात्रियों को प्लेटफॉर्म बदलने में बड़ी राहत मिलेगी।


प्लेटफॉर्म पर बन रही आकर्षक आर्ट गैलरी
नीमच स्टेशन केवल यात्रा का पड़ाव नहीं, बल्कि कला का केंद्र भी बनने जा रहा है। रेलवे प्लेटफॉर्म पर एक आर्ट गैलरी तैयार की जा रही है, जिसमें जिले की कला, संस्कृति और गौरवशाली इतिहास को आकर्षक चित्रों व पेंटिंग्स के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। यह स्टेशन की शान बढ़ाने वाला प्रमुख आकर्षण होगा।


दोनों प्लेटफॉर्म पर तैयार हुआ कवर शेड
यात्रियों को धूप, बरसात और मौसम की परेशानियों से बचाने के लिए दोनों रेलवे प्लेटफॉर्म पर कवर शेड तैयार कर दिए गए हैं। इससे प्लेटफॉर्म पर यात्रा और भी आरामदायक एवं सुरक्षित हो गई है। माल गोदाम में भी तेजी से चल रहा विकास कार्य स्टेशन के माल गोदाम क्षेत्र में भी कवर शेड का काम जारी है। इससे माल ढुलाई में सुविधा बढ़ेगी और व्यापारियों को बेहतर संरचना उपलब्ध होगी।

डबल लाइन का काम प्रगति पर
रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए डबल लाइन का काम भी तेजी से चल रहा है। मल्हारगढ़ तक डबल लाइन पूरी हो चुकी है, वहीं मल्हारगढ़ से दलौदा तक का कार्य अभी शेष है, जो जल्द पूरा होने की उम्मीद है। इससे ट्रेनों की आवाजाही और तेज़ व सुचारु होगी।

नई चमक से दमक रहा स्टेशन
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बदलता नीमच स्टेशन अब यात्रियों को आधुनिक सुविधाएँ, स्वच्छ परिवेश और बेहतर अनुभव प्रदान करेगा। रेलवे विभाग की टीम और अधिकारियों की सतत निगरानी ने इस ऐतिहासिक स्टेशन को नई ऊर्जा प्रदान की है।

Related Post