ताजासमाचार

देर रात मारपीट व धमकी से आक्रोशित बोहरा समाज,  SP से की आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

डेस्क न्यूज 11 December, 2025 अन्य

नीमच। नीमच सिटी की पुरानी पुलिस चौकी क्षेत्र में बोहरा समाज के असद हुसैन बोहरा और उनके परिवार के साथ हुई मारपीट, गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी के मामले को लेकर गुरुवार को बोहरा समाजजन पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। समाज ने SP को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
शिकायतकर्ता असद हुसैन बोहरा ने बताया कि 10 दिसंबर की रात लगभग 10:15 बजे उनके भाई जुनेद और उसकी पत्नी घर लौट रहे थे। उसी दौरान दुकानदार दीपक और रिहान ने पुरानी पार्किंग के विवाद को लेकर जोर-जोर से गालियां देना शुरू कर दीं। आवाज सुनकर परिवार के लोग बाहर आए, लेकिन समझाइश के बावजूद आरोपी नहीं माने।

आरोप है कि दीपक और रिहान अपने 3 साथियों के साथ आए और असद को घर के बाहर घसीटकर ले गए। दीपक ने दुकान से लाया गया लकड़ी का डंडा मारकर असद के सिर, हाथ और घुटने पर चोट पहुंचाई। यह दृश्य CCTV फुटेज में भी दर्ज है। बीच-बचाव में आए असद की मां तसनीम, पिता जुजर हुसैन बोहरा व परिजन भी घायल हुए।

ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि आरोपी आदतन गुंडागर्दी करते हैं, देर रात तक दुकान खुली रखकर नशाखोरी व गाली-गलौच करते हैं और आसपास के लोगों के लिए माहौल खराब करते हैं। दुकान के सामने किए गए अवैध अतिक्रमण से रास्ता भी बाधित हो रहा है।

समाज ने SP से मांग की है कि आरोपी दीपक, रिहान और उनके साथियों पर कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को सुरक्षा व न्याय मिल सके।

Related Post