डेस्क न्यूज
10 December, 2025
नीमच। दक्षिण अफ्रीका में आयोजित मॉडर्न पेंटाथलॉन बायथले–ट्रायथले वर्ल्ड चैम्पियनशिप 2025 में नीमच के चार नन्हे सितारों ने ऐसी उपलब्धि हासिल की, जिसने न सिर्फ प्रदेश बल्कि पूरे भारत का मान बढ़ा दिया। 8 से 13 दिसंबर तक जारी इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में चारों खिलाड़ियों ने अलग-अलग आयु वर्गों में अभी तक दो सिल्वर और दो ब्रॉन्ज़ मेडल अपने नाम किए हैं । इनकी इस उपलब्धि से नीमच की धरती एक बार फिर वैश्विक खेल मानचित्र पर चमक उठी है ।
चारों मेडलिस्ट शहर का गर्व
सिद्धान्त जादोन (टीम सिल्वर, बायथले)
माता संगीता जादोन और पिता गोपाल सिंह जादोन के पुत्र सिद्धान्त ने तेज रफ्तार दौड़ और प्रभावशाली स्विमिंग से शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीता। करीबी मुकाबले में उनका फिनिश दर्शनीय रहा।
-आयुष शर्मा (टीम सिल्वर, बायथले)
सुनील शर्मा और माता पूनम शर्मा के बेटे आयुष ने स्थिरता, रणनीति और फिटनेस के दम पर दूसरा सिल्वर मेडल भारत की झोली में डाला। उनकी तकनीकी दक्षता ने दर्शकों और टीम दोनों को प्रभावित किया।
अस्मि कटारिया (टीम ब्रॉन्ज़, बायथले)
नीमच निवासी पिता मयंक कटारिया और माता दीपा कटारिया की बेटी अस्मि ने आकर्षक आत्मविश्वास और अनुशासित प्रदर्शन दिखाते हुए ब्रॉन्ज़ मेडल हासिल किया। उन्होंने इंटरनेशनल मंच पर भारत की झंडा ऊँचा किया।
स्तुति चमड़िया (टीम ब्रॉन्ज़, बायथले)
डॉ. मनीष और मनीषा चमड़िया की बेटी स्तुति ने कठिन मुकाबले में जबरदस्त कमबैक करते हुए भारत के लिए एक और ब्रॉन्ज़ मेडल जीता। उनका प्रदर्शन टैक्टिकल और प्रेरणादायक रहा।
सफलता के पीछे मेहनती मार्गदर्शन
खिलाड़ियों की सफलता के पीछे मेंटॉर प्रभु मूलचंदानी की रणनीतिक कोचिंग और अनुशासित दिनचर्या का बड़ा योगदान रहा। इधर मोटिवेटर राकेश कोठारी जिला पेंटाथलॉन अध्यक्ष, डॉ.मनीष चमड़िया जॉइंट सेक्रेटरी, मयंक कटारिया नितेश शर्मा, धीरेंद्र गहलोत (जिला पैफी सचिव) और विशाल शर्मा (विक्की) से खिलाड़ियों को निरंतर प्रोत्साहन और प्रेरणा मिली । इन सभी ने मिलकर नीमच टीम के सपने को वास्तविकता में बदला।
विश्वस्तरीय तैयारी में तकनीकी व फिटनेस टीम का भी अहम योगदान रहा। समीर सिंह जादोन, आयुष गौड़, नीलेश घावरी, सुधा सोलंकी, अभिषेक अहीर और रोहित अहीर ने खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय ट्रेनिंग दी, जिसने अंतरराष्ट्रीय मंच पर उनके आत्मविश्वास को नई ऊँचाइयाँ दीं ।
नगर पालिका और मीडिया का भी सराहनीय सहयोग
खिलाड़ियों की अंतरराष्ट्रीय सफलता के पीछे नीमच नगर पालिका का सहयोग और सुविधाएँ महत्वपूर्ण रहीं। साथ ही मेंटोर प्रभु मूलचंदानी ने कहा कि स्थानीय मीडिया की निरंतर सकारात्मक कवरेज ने खिलाड़ियों और अभिभावकों का मनोबल ऊँचा बनाए रखा है ।
नीमच नया इंटरनेशनल स्पोर्ट्स हब
लगातार मिल रही अंतरराष्ट्रीय सफलताएँ साबित कर रही हैं कि अगर विज़न स्पष्ट हो, कोचिंग प्रभावी हो और सपोर्ट सिस्टम मज़बूत हो तो छोटा शहर भी विश्व पटल पर अपने उपस्थिती दर्ज करवा सकता है।इस सफलता से टीम नीमच उत्साहित है और साउथ अफ्रीका में जीते गए चार वर्ल्ड मेडल से माना जा रहा है की नीमच अब सिर्फ एक शहर नहीं, बल्कि इंटरनेशनल चैंपियंस का नया केन्द्र बनकर उभर रहा है।