ताजासमाचार

अतिवृष्टि से बर्बाद हुई फसल का मुआवजा न मिलने पर किसान परेशान, कलेक्टर जनसुनवाई में लगाई गुहार

डेस्क न्यूज 09 December, 2025 अन्य

नीमच। जावद तहसील के ग्राम बांगरेड़ का खेड़ा निवासी किसान नाथुलाल बंजारा मंगलवार को कलेक्टर जनसुनवाई में पहुंचे और अपनी फसल को हुए भारी नुकसान का मुआवजा दिलवाने की मांग की।
किसान नाथुलाल ने बताया कि वर्ष 2025 में क्षेत्र में सामान्य से कई गुना अधिक वर्षा होने के कारण उनकी सोयाबीन की खड़ी फसल पूरी तरह गलकर नष्ट हो गई थी। प्राकृतिक आपदा से हुए इस नुकसान की जानकारी उन्होंने समय पर ग्राम पंचायत एवं राजस्व अधिकारियों को दी थी। साथ ही संबंधित विभागों में आवश्यक आवेदन भी जमा किए थे।
किसान का कहना है कि सभी औपचारिकताएँ पूरी करने के बावजूद आज तक उन्हें किसी भी प्रकार का मुआवजा प्राप्त नहीं हुआ। फसल नष्ट होने के बाद से वे गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं, क्योंकि कृषि ही उनकी आजीविका का एकमात्र साधन है।
नाथुलाल ने बताया कि मुआवजे के लिए वे कई बार तहसील कार्यालय, कृषि विभाग और जनसुनवाई में आवेदन दे चुके हैं, लेकिन प्रकरण में अब तक कोई निर्णय नहीं हुआ।
किसान ने कलेक्टर से आग्रह किया कि उनके प्रकरण की जांच करवाकर वास्तविक नुकसान के आधार पर मुआवजा राशि शीघ्र स्वीकृत करवाई जाए, ताकि वे आगामी फसल की तैयारी कर सकें और आर्थिक स्थिति को संभाल सकें।

Related Post