डेस्क न्यूज
08 December, 2025
अन्य
नीमच | पुलिस अधीक्षक नीमच अंकित जायसवाल ने 08 दिसंबर 2025 को पुलिस कंट्रोल रूम नीमच में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं चौकी प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में एसपी ने थाना क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था को मजबूती प्रदान करने, बढ़ते अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा आमजन से बेहतर संवाद सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा संचालित राज्य स्तरीय अभियानों में सभी थाने अधिकतम कार्रवाई करें। वर्ष 2025 के समापन के चलते लंबित अपराध, मर्ग और चालानों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित किया जाए। थाना प्रभारियों को आमजनों के बीच जाकर जनसंवाद करने, उनकी समस्याओं को प्राथमिकता से सुनकर समाधान करने के निर्देश दिए गए। सीएम हेल्पलाइन एवं अन्य शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। एसपी ने आदतन अपराधियों के विरुद्ध जिला बदर और रासुका की कार्रवाई, गुण्डा तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रभावी कदम उठाने तथा मादक पदार्थ तस्करी में संलिप्त आरोपियों पर सफेमा और पी-टीएनडीपीएस एक्ट के तहत प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने गंभीर अपराधों को अनावश्यक लंबित न रखने, नफीस एप, आईसीजेस और ई-साक्ष्य एप का अधिक उपयोग करने तथा महिला संबंधी मामलों में संवेदनशीलता रखते हुए निर्धारित समय में निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। चोरी की बढ़ती घटनाओं पर रोक लगाने के लिए थाना प्रभारी स्वयं रात्रि गश्त करें और अपने बल को भी सक्रिय रखें। प्रभात गश्त को भी प्राथमिकता देने, धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, थाने आने वाले फरियादियों से सद्व्यवहार करने और उनकी समस्याओं का शांतिपूर्वक समाधान करने के निर्देश दिए। एसपी ने गौवंश तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर कार्रवाई करने, वारंट तामीली में तेजी लाने, थाना एवं बीट स्तर पर लगातार भ्रमण करने तथा संवेदनशील स्थानों पर फिक्स पिकेट लगाने के निर्देश दिए। वाहन चेकिंग के दौरान आमजन के साथ शिष्ट व्यवहार सुनिश्चित करने और एनडीपीएस मामलों में पारदर्शिता बनाए रखने तथा हर कार्रवाई की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को देने के निर्देश दिए। सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले, असामाजिक तत्वों और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने तथा जुआ, सट्टा और अवैध शराब विक्रय पर पूर्ण रोक लगाने को कहा गया। बैठक में एसडीओपी जावद रोहित राठौर, एसडीओपी मनासा शाबेरा अंसारी, डीएसपी महिला सुरक्षा निकिता सिंह सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी तथा एसपी कार्यालय के शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।