डेस्क न्यूज
08 December, 2025
नीमच। हिंगोरिया फाटक के समीप सोमवार दोपहर रेलवे ट्रैक पर मरम्मत कार्य के दौरान एक गंभीर हादसा हो गया, जब टावर वैगन और ट्रेक मशीन इंजन आपस में टकरा गए। हादसे में दोनों मशीन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूत्रों के अनुसार रेलवे विभाग की टीम नियमित ट्रैक रिपेयरिंग कार्य में लगी हुई थी। इस दौरान कर्मचारी इंजन में सवार होकर निरीक्षण और मरम्मत का काम कर रहे थे। आशंका है की तभी अचानक एक इंजन का ब्रेक फेल हो गया और वह तेज़ रफ्तार से आगे बढ़ते हुए दूसरे इंजन से जा टकराया।
टक्कर में इंजन में मौजूद 3 से 4 रेलवे कर्मचारी घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल कर्मचारियों की पहचान विष्णु पिता नारायण राठौर (32), निवासी रेलवे कॉलोनी, नीमच तथा रामनरेश पिता सुखलाल मीणा (22), निवासी मंदसौर के रूप में हुई है। दोनों को घटना के तुरंत बाद जिला अस्पताल नीमच पहुँचाया गया, जहां
प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे पुलिस बल की टीम मौके पर पहुँची और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल हादसे के कारणों को लेकर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार ब्रेक फेल होना दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है, लेकिन वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। स्थानीय लोगों और रेलवे कर्मियों में हादसे को लेकर चिंता का माहौल है।
मामले में रेलवे PRO खेमराज मीणा ने बताया कि रुट पर मरम्मत का कार्य जारी था... ट्रेनों का आवागमन बंद था, पावर वेगन और ट्रेक मशीन एक ही ट्रेक पर मेंटेंनेंस के कार्य में लगे थे, इस दौरान दोनों आपस में टकरा गए । घटना के कारण का पता लगाया जा रहा है ।