ताजासमाचार

बीमार गाय की सेवा में आगे आया गऊ सेवा दल, संवेदनशील पहल से बची जान — टेम्पो चालक ने भी किया नि:शुल्क सहयोग

डेस्क न्यूज 06 December, 2025 अन्य

नीमच। निरोग धाम के पास बीच रोड पर पिछले तीन दिनों से बीमार अवस्था में बैठी एक गाय की जानकारी समाजसेवी ओम गोयल और संजय शर्मा द्वारा मिलने पर गऊ सेवा दल तुरंत सक्रिय हुआ। सूचना मिलते ही गौ सेवक मितेश अहीर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और गाय को प्राथमिक उपचार देकर उसकी हालत स्थिर की। साथ ही, टीम ने प्रयास कर उक्त गाय के मालिक का पता लगाया, जो ग्वालटोली क्षेत्र का निवासी निकला।
गौ सेवकों ने गाय के मालिक और उसके परिचित व्यक्ति से दो बार निवेदन किया कि वे बीमार गाय को घर ले जाकर उसका उचित उपचार कराएं, लेकिन लापरवाही के चलते कोई कार्रवाई नहीं की गई। स्थिति को गंभीर देखते हुए शनिवार को गऊ सेवा दल की टीम स्वयं ग्वालटोली स्थित उसके घर पहुंची और उसे समझाया। टीम की संवेदनशीलता और लगातार प्रयासों के बाद मालिक अंततः गाय को घर ले जाने को तैयार हुआ।
इसी दौरान पास में मौजूद टेम्पो चालक भेरूलाल को जब इस सेवा कार्य की जानकारी मिली, तो उन्होंने बिना किसी शुल्क के अपना वाहन उपलब्ध करवाकर उल्लेखनीय सहयोग दिया। गऊ सेवा दल के सदस्यों की मौजूदगी में गाय को सुरक्षित तरीके से टेम्पो में रखा गया और उसके मालिक के घर पहुंचाया गया।
इस मानवीय सेवा कार्य में गऊ सेवा दल के सदस्य भीम भगत ग्वाला, गौरव भांभी, पार्थ जोशी सहित कई राहगीरों का भी सराहनीय योगदान रहा। टीम की तत्परता, संवेदनशीलता और निस्वार्थ सेवा भावना के चलते बीमार गाय को न केवल राहत मिली बल्कि समय पर उपचार पाकर उसकी जान भी बच सकी।
नीमच में सामाजिक सहयोग और सेवा का यह उदाहरण एक बार फिर साबित करता है कि जब इंसान आगे आता है, तो हर जीव का जीवन सुरक्षित हो सकता है।

Related Post