डेस्क न्यूज
06 December, 2025
अन्य
नीमच। सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम मलखेड़ा में देवनारायण मंदिर को लेकर चल रहे विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। शनिवार को गांव के बड़ी संख्या में ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और एसपी के नाम एक विस्तृत ज्ञापन सौंपकर पूर्व पुजारी शंकरलाल सालवी द्वारा ग्रामीणों पर की गई कथित झूठी शिकायत की निष्पक्ष जांच की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि 13 अक्टूबर को उन्होंने कलेक्टर कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत किया था, जिसमें तत्कालीन पुजारी शंकरलाल को पद से हटाने की मांग की गई थी। आवेदन पर कार्रवाई करते हुए अनुविभागीय अधिकारी ने उन्हें अस्थायी रूप से पद से पृथक कर दिया था।
इसके बाद ग्राम सभा के निर्णय अनुसार नए पुजारी की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की गई, लेकिन अस्थायी तौर पर नियुक्त पुजारी ने सार्वजनिक रूप से पूजा करने से इनकार कर दिया।
31 अक्टूबर को आयोजित ग्राम सभा में सर्वसम्मति से विनोद गोस्वामी को स्थायी पुजारी नियुक्त किया गया। तब से वे ही नियमित रूप से पूजा-अर्चना कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि 1 नवंबर की सुबह जब ग्रामीण मंदिर पहुँचे, तो पूर्व पुजारी शंकरलाल ने मंदिर की चाबी और पूजा सामग्री सौंपने के बजाय विवाद खड़ा कर दिया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
ग्रामवासियों का कहना है कि सभी निर्णय शासन और ग्राम सभा की मौजूदगी में, पूर्ण पारदर्शिता और मंदिर की पवित्रता को ध्यान में रखकर लिए गए थे। इसके बावजूद पूर्व पुजारी शंकरलाल ने व्यक्तिगत रंजिश और कुछ लोगों के बहकावे में आकर गांव के निर्दोष लोगों के खिलाफ एसटी एक्ट में झूठी शिकायत दर्ज कराई है।
एसपी को सौंपे ज्ञापन में ग्रामीणों ने मांग की है कि पूर्व पुजारी द्वारा की गई शिकायत की गहन जांच कर सत्यता सामने लाई जाए और यदि शिकायत झूठी पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध उचित और निष्पक्ष कार्रवाई की जाए।
ग्रामीणों ने कहा कि यह कार्रवाई ज़रूरी है ताकि निर्दोष लोगों को न्याय मिल सके और गांव में शांति व्यवस्था बनी रहे।