डेस्क न्यूज
06 December, 2025
अन्य
नीमच। शहर में नशे का फैलता जाल लगातार चिंताजनक रूप लेता जा रहा है। शुक्रवार रात सामने आई एक घटना ने इस खतरे की गंभीरता को और बढ़ा दिया है। देर रात करीब 10 बजे एक युवक कैंट थाने पहुंचा और एमडी ड्रग सप्लाई से जुड़े व्यक्ति पर जानलेवा हमले का आरोप लगाया।
शिकायतकर्ता मोहम्मद तालिब पिता इसराइल ने पुलिस को बताया कि समीर पिता हारून, निवासी खारी कुआं, उस पर लंबे समय से एमडी ड्रग लेने का दबाव बना रहा था। तालिब ने आरोप लगाया कि समीर ईदगाह कॉलोनी के बाहर उसे एमडी ड्रग देने आया था, लेकिन जब उसने ड्रग लेने से इनकार किया, तो समीर ने चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया। हमले में तालिब की उंगली पर चोट आई है।
युवक ने कहा कि समीर क्षेत्र का सक्रिय एमडी सप्लायर है और लगातार उसे नशे की लत में धकेलने की कोशिश कर रहा था। तालिब ने पुलिस से अपनी सुरक्षा की मांग करते हुए कहा कि वह इस नशे की दलदल से बाहर निकलना चाहता है और नशा मुक्ति केंद्र जाने के लिए तैयार है।
फिलहाल पुलिस ने शिकायत दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अब देखने वाली बात यह होगी कि पुलिस नशे के इस फैलते नेटवर्क को कैसे रोकती है और आरोपित के खिलाफ क्या कार्रवाई करती है।