ताजासमाचार

एनडीपीएस एक्ट में फरार 20 हजार के इनामी आरोपी को नीमच पुलिस ने दबोचा, छोटी सादड़ी थाने के गंभीर प्रकरण में था वांछित

डेस्क न्यूज 05 December, 2025 अन्य

नीमच। पुलिस अधीक्षक नीमच अंकित जायसवाल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसौदिया के मार्गदर्शन में फरार आरोपियों की धरपकड़ अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। जिला प्रतापगढ़ के पुलिस थाना छोटी सादड़ी के प्रकरण क्रमांक 93/2023 (धारा 8/15, 18, 25, 29 एनडीपीएस एक्ट एवं 307, 353, 420, 469, 471, 34 भादवि) में फरार चल रहे 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी अनिल कछावा पिता कालु बंजारा निवासी लक्ष्मीपुरा, थाना जीरन को नीमच पुलिस की विशेष टीम ने गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ द्वारा ईनाम घोषित किया गया था, जिसके बाद नीमच एसपी ने सायबर सेल सहित एक विशेष टीम गठित की थी। आरोपी के मूवमेंट संबंधी लगातार तकनीकी पड़ताल व मुखबिर सूचना के आधार पर 05 दिसंबर 2025 को जानकारी मिली कि वह धानुका फैक्ट्री, रावतखेड़ा के पास देखा गया है। सूचना पर टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी और आरोपी को हिरासत में लिया। बाद में आरोपी को थाना जीरन के माध्यम से छोटी सादड़ी पुलिस के सुपुर्द किया गया।


सराहनीय योगदान
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी जीरन निरीक्षक उमेश यादव, प्रधान आरक्षक सौरभ सिंह सेंगर, सायबर सेल नीमच से प्रधान आरक्षक प्रदीप शिंदे, प्रधान आरक्षक आदित्य गौड़, आरक्षक लखनप्रताप सिंह, आरक्षक कुलदीप सिंह तथा पुलिस थाना नीमच सिटी से आरक्षक लक्की शुक्ला की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Post