ताजासमाचार

दाऊदी बोहरा समाज की नीमच बोहरा लीग क्रिकेट प्रतियोगिता 6 व 7 दिसंबर को, आयोजन की तैयारियों को लेकर बैठक सम्पन्न

डेस्क न्यूज 04 December, 2025 अन्य

नीमच। दाऊदी बोहरा समाज खेल भावना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक बार फिर नीमच बोहरा लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आयोजन करने जा रहा है। ‘उमुरे सेहत’ और ‘अंजुमन हुसामी’ के तत्वाधान में होने वाला यह दूसरा संस्करण 6 और 7 दिसंबर को कनावटी रोड स्थित पुलिस लाइन मैदान में खेला जाएगा। समाज के आमिल साहब मुर्तुजा भाई के मार्गदर्शन में होने वाला यह आयोजन युवाओं में उत्साह और एकजुटता का मजबूत संदेश दे रहा है।
टेनिस बॉल से खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट में शहर के बोहरा समाज की चार टीमें भाग लेंगी। लीग प्रारूप में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में प्रत्येक मैच 10 ओवर का होगा, जबकि फाइनल मुकाबला 7 दिसंबर दोपहर को खेला जाएगा। खिलाड़ियों को पूरा खेल अवसर देने के उद्देश्य से इस प्रारूप को बेहद सराहा जा रहा है।
विजेता टीम को 21,000 रुपये नकद पुरस्कार व आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की जाएगी, जबकि उपविजेता टीम को 11,000 रुपये मिलेंगे। टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मैन ऑफ द मैच, मैन ऑफ द सीरीज, बेस्ट बॉलर, बेस्ट बैट्समैन और बेस्ट फील्डर जैसी श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा, जिससे खिलाड़ियों में अतिरिक्त प्रेरणा का संचार होगा।
धर्मगुरु डॉ. सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन की प्रेरणा से बोहरा समाज स्वास्थ्य, सामाजिक जागरूकता, पर्यावरण और शिक्षा से जुड़े आयोजनों को बढ़ावा देता आ रहा है। उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए यह खेल आयोजन समाज की एकता और युवाओं की खेल भावना को नई दिशा दे रहा है।
टूर्नामेंट को सफल बनाने में ब्राइट हैंडलूम, हकीम रोप, अल बुरहान ग्लास, रॉयल इंडस्ट्रीज़, मालवा फुटवियर, बुरहानी ऑटो डील और अंजुमन हुसैनी प्रमुख प्रायोजक के रूप में सहयोग कर रहे हैं।
आयोजकों ने नीमच के सभी खेलप्रेमियों से अपील की है कि वे अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएं और इस रोमांचक क्रिकेट आयोजन का आनंद उठाएं।

Related Post