ताजासमाचार

टैगोर मार्ग पर रोड चौड़ीकरण और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज, नपा अध्यक्ष स्वाती चोपड़ा व अधिकारियों ने संभाला मोर्चा

डेस्क न्यूज 03 December, 2025 अन्य

नीमच। नगर पालिका अध्यक्ष स्वाती चोपड़ा के नेतृत्व में शहर के विकास कार्यों को नई गति मिल रही है। विरोधों और चुनौतियों के बावजूद स्वाती चोपड़ा अपने दृढ़ संकल्प और दूरदृष्टि के साथ शहर की अव्यवस्थित व्यवस्थाओं को सुधारने में सक्रिय हैं। इसी क्रम में बुधवार को उन्होंने अधिकारियों के साथ टैगोर मार्ग, मीना बाजार क्षेत्र और आसपास की गलियों का निरीक्षण कर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। अध्यक्ष स्वाती चोपड़ा ने बताया कि टैगोर मार्ग पर लंबे समय से पार्किंग और जाम की समस्या बनी हुई थी, जिसके कारण व्यापारियों और नागरिकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता था। इस समस्या के स्थायी समाधान हेतु 4 मीटर चौड़ी सर्विस सड़क को अब 8 मीटर तक विस्तारित किया जा रहा है, ताकि सुगम यातायात और व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा सुनिश्चित की जा सके। पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मीना बाजार के कुछ हिस्सों को स्थानांतरित किया जा रहा है और व्यापारियों को निर्धारित नए स्थानों पर व्यापार संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान कमल चौराहा, बोहरा गली और 40 नंबर के पीछे की सर्विस लेन का भी जायजा लिया गया, जहां दुकानदारों द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण हटाए गए। इससे सड़क चौड़ी होने के साथ वाहनों की आवाजाही सुचारू होगी। स्वाती चोपड़ा ने कहा कि शहर के विकास के लिए कई बार कठिन निर्णय लेना आवश्यक होता है, परंतु इन निर्णयों में छोटे व्यापारियों के हितों का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि पूर्व में बोहरा गली, पुस्तक बाजार और दानागली में हुए रोड चौड़ीकरण कार्यों से शहर के यातायात को काफी राहत मिली है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के विरोधों के बावजूद नगर पालिका शहर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने के लक्ष्य के साथ लगातार योजनाबद्ध कार्य कर रही है, क्योंकि शहर की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम संजीव साहू, नायब तहसीलदार संजय मालवीय, नगर पालिका सीएमओ दुर्गा बामनिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Post