ताजासमाचार

नीमच पुलिस का “ऑपरेशन मुस्कान” बना सहारा ! 18 नाबालिगों सहित 137 लोग सुरक्षित दस्तयाब, परिजनों के चेहरों पर लौटी खुशियाँ

डेस्क न्यूज 02 December, 2025 अन्य

नीमच। मध्यप्रदेश पुलिस का विशेष “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान जिले में उम्मीद और राहत का पर्याय बन गया है। वर्षों से लापता नाबालिग बालक–बालिकाओं और गुमशुदा व्यक्तियों की लगातार तलाश कर उन्हें सकुशल परिजनों तक पहुँचाने में नीमच पुलिस ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन में यह अभियान जिले में मानवीय संवेदना और प्रभावी पुलिसिंग का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरा है।
97% से अधिक नाबालिगों की सुरक्षित दस्तयाबी, 5 वर्षों में शानदार सफलता, इस वर्ष ऑपरेशन मुस्कान में 18 नाबालिग बच्चे मिले, 137 गुमशुदा महिला–पुरुष भी दस्तयाब | 
1 नवंबर से 30 नवंबर 2025 तक संचालित विशेष अभियान के तहत नीमच पुलिस ने अपहृत एवं गुमशुदा नाबालिगों की तलाश को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। नतीजतन 14 नाबालिग बालिकाएँ और 4 बालक मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों सहित राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र एवं आंध्रप्रदेश से ढूंढकर परिवारों को सौंपे गए। वर्षों से बिछड़े बच्चों की अपने परिजनों से मुलाकात के दौरान भावुक दृश्य देखने को मिले और परिवारों के चेहरों पर सच्ची “मुस्कान” लौट आई।
इसके साथ ही, जिले में 103 महिलाएँ एवं 34 पुरुष, इस प्रकार कुल 137 वयस्क गुमशुदा व्यक्तियों को भी पुलिस ने दस्तयाब किया।

सटीक निगरानी, तकनीक और टीमवर्क की जीत
साइबर सेल की तकनीकी सहायता, मजबूत मुखबिर तंत्र, सतत विश्लेषण और पुलिस टीमों की निरंतर मेहनत इस सफलता की प्रमुख वजह रही।
अभियान का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, एसडीओपी जावद रोहित राठौर, एसडीओपी मनासा शाबेरा अंसारी, डीएसपी महिला सुरक्षा निकीता राठौर तथा जिले के थाना प्रभारियों की महत्वपूर्ण भूमिका में किया गया।

जागरूकता भी साथ-साथ
नीमच पुलिस ने नाबालिगों और महिलाओं की सुरक्षा, साइबर अपराध रोकथाम एवं जागरूकता के लिए स्कूलों, कॉलेजों, ग्राम चौपालों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए, जिससे समाज में सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता बढ़ी है।
“ऑपरेशन मुस्कान” नीमच जिले में सिर्फ एक अभियान नहीं, बल्कि कई परिवारों के लिए नई उम्मीद, राहत और खुशियों की वापसी बनकर सामने आया है।

Related Post