ताजासमाचार

नीमच में अजाक थाना प्रभारी के खिलाफ भीम आर्मी का धरना ! FIR दर्ज न होने से आक्रोश

डेस्क न्यूज 01 December, 2025 अन्य

नीमच। अजाक थाना प्रभारी के कथित तानाशाहीपूर्ण व्यवहार के विरोध में सोमवार को भीम आर्मी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। इस दौरान ‘‘जय भीम–जय भीम’’, ‘‘थाना प्रभारी की तानाशाही नहीं चलेगी’’ और ‘‘दलितों पर अत्याचार बंद करो’’ जैसे नारे लगातार गूंजते रहे। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे आज़ाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के बैनर तले न्याय की मांग लेकर थाने पहुंचे हैं।
पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि अजाक थाना विशेष रूप से दलित और आदिवासी वर्ग की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के लिए बनाया गया है, लेकिन वर्तमान थाना प्रभारी पिछले आठ–नौ महीनों से लगातार फरियादियों की शिकायतें लंबित रख रहे हैं। फरियादियों के आवेदन तो ले लिए जाते हैं, लेकिन जांच और कार्रवाई के नाम पर मामलों को टाल दिया जाता है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि थाना प्रभारी शिकायत लेकर आने वाले दलित–आदिवासी वर्ग के लोगों के साथ सम्मानजनक व्यवहार भी नहीं करते और बातचीत के दौरान उन्हें खड़ा रखा जाता है।
भीम आर्मी पदाधिकारियों ने बताया कि हाल ही में बीच बाजार में एक रसूखदार व्यक्ति ने एक गरीब दलित युवक के साथ सरेआम मारपीट की थी। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है, लेकिन थाना प्रभारी जांच का हवाला देते हुए FIR दर्ज करने में टालमटोल कर रहे हैं। इसी तरह अन्य लगभग 50 मामलों में दलित समाज के पीड़ित लंबे समय से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
भीम आर्मी के पदाधिकारी गोविंद ने चेतावनी दी कि जब तक कम से कम एक FIR दर्ज नहीं की जाती, तब तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा। ज्ञात हो कि दो दिन पूर्व अंबेडकर मार्ग पर स्कूटर चालक से मारपीट का वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें पीड़ित ने थाना पहुंचकर आवेदन दिया था, लेकिन कार्रवाई न होने से समाज में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
भीम आर्मी ने स्पष्ट कहा कि अगर जल्द न्यायोचित कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा।

Related Post