ताजासमाचार

नीमच में 2 दिसंबर को जीवन सिंह शेरपुर की जन क्रांति न्याय यात्रा, शहर में भव्य तैयारियाँ, टाउन हॉल में विशाल जनसभा प्रस्तावित

डेस्क न्यूज 30 November, 2025


नीमच। करणी सेना परिवार के प्रमुख ठाकुर जीवन सिंह शेरपुर 2 दिसंबर को जन क्रांति न्याय यात्रा के तहत नीमच पहुंचने वाले हैं। उनके आगमन को लेकर करणी सेना परिवार द्वारा शहरभर में व्यापक और भव्य तैयारियाँ की जा रही हैं। शेरपुर नीमच में सर्व समाज से 21 दिसंबर को हरदा में प्रस्तावित जन क्रांति न्याय आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान करेंगे।
यह आंदोलन करणी सेना परिवार की 21 सूत्रीय मांगों पर आधारित है, जिसमें विशेष रूप से हरदा लाठीचार्ज की न्यायिक जांच, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई, EWS सरलीकरण और आर्थिक आधार पर आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल हैं। संगठन का कहना है कि यह सिर्फ राजपूत समाज का नहीं, बल्कि सर्व समाज के हक़ और अधिकारों की लड़ाई है।
शेरपुर की यात्रा को सफल बनाने के लिए करणी सेना के कार्यकर्ता घर-घर जाकर आमजन को निमंत्रण दे रहे हैं। शहर और जिले में होर्डिंग, फ्लेक्स और बैनर लगाए जा रहे हैं, जिससे जन जागरूकता अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। कार्यकर्ताओं में इस यात्रा को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
जिलाध्यक्ष गिरिराज सिंह रूपपुरा ने जानकारी देते हुए बताया की तय कार्यक्रम के अनुसार, जीवन सिंह शेरपुर मंगलवार सुबह 11 बजे नीमच पहुंचेंगे। उनके आगमन के बाद वे सबसे पहले ग्वालटोली स्थित वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके पश्चात वे बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर, स्वर्गीय खुमान सिंह शिवाजी, महर्षि वाल्मीकि और भारत माता की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद टाउन हॉल में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
करणी सेना परिवार द्वारा गाँव-गाँव और ढाणी-ढाणी तक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें 21 सूत्रीय मांगों को सर्व समाज तक पहुंचाया जा रहा है। बढ़ते सकारात्मक रुझान को देखते हुए अनुमान है कि 2 दिसंबर को नीमच में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित होकर इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाएंगे।

Related Post