ताजासमाचार

भव्य सजावट और भजन संध्या के बीच रानी सती दादी धाम में उत्सव का माहौल

डेस्क न्यूज 30 November, 2025 अन्य

नीमच। शहर के उपनगर बघाना स्थित प्रसिद्ध श्री रानी सती दादी धाम में रविवार को तृतीय वार्षिकोत्सव बड़े हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया, जिसमें सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ नजर आई। दिल्ली और कोलकाता से आए कारीगरों द्वारा सजाया गया दिव्य एवं भव्य दरबार श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण बना।
मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी सजावट और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था के साथ सुसज्जित किया गया, जिसने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक माहौल से भर दिया। रविवार सुबह विधिवत पूजन और ध्वजा चढ़ाई के साथ उत्सव की शुरुआत हुई। भक्तों ने दादीजी के समक्ष हाजिरी लगाते हुए परिवार, समाज और देश की खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में शाम 7.30 बजे से मंदिर प्रांगण में दिव्य दरबार सजाया जाएगा। दरबार में भव्य भजन संध्या का आयोजन विशेष आकर्षण रहेगा, जिसमें देश के सुप्रसिद्ध भजन गायक नम्रता करवा (मुंबई) और मूलचंद बजाज (कोलकाता) सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा, छप्पन भोग का नैवेद्य, पुष्पवर्षा और अखंड ज्योत आयोजन की भव्यता में चार चांद लगाएंगे।
मंदिर ट्रस्ट ने सभी भक्तों से समय पर पहुंचकर कार्यक्रम का आध्यात्मिक अनुभव लेने का आग्रह किया है। यह उत्सव आस्था, भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम प्रस्तुत कर रहा है।

Related Post