डेस्क न्यूज
30 November, 2025
अन्य
उज्जैन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को आकाशवाणी के माध्यम से देशवासियों से मन की बात कार्यक्रम के जरिए संवाद किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में सामूहिक विवाह सम्मेलन के कार्यक्रम स्थल पर एक कक्ष में टेलीविजन पर प्रधानमंत्री के मन की बात का प्रसारण देखा और ध्यानपूर्वक सुना।
मुख्यमंत्री के साथ कार्यक्रम स्थल पर मध्यप्रदेश के राज्यपाल महामहिम मंगू भाई पटेल, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उईके, प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर सहित कई जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। सभी ने साथ बैठकर प्रधानमंत्री द्वारा साझा किए गए विचारों और राष्ट्रहित से जुड़े संदेशों को सुना।
मन की बात के दौरान प्रधानमंत्री ने देश में हो रहे सकारात्मक बदलावों, युवा शक्ति की भूमिका, समाज में जनभागीदारी और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में हो रहे प्रयासों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। उज्जैन में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के उद्बोधन को सुनना उपस्थित जनप्रतिनिधियों तथा कार्यकर्ताओं के लिए विशेष प्रेरणादायक रहा।