डेस्क न्यूज
30 November, 2025
अन्य
नीमच । नीमच में शनिवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कन्या भोज के बहाने पड़ोस में रहने वाली एक महिला दो नाबालिग बच्चियों को जंगल में ले गई और वहां बच्ची की मांग भरवाकर, फेरे दिलवाकर जबरन शादी करवा दी। पुलिस ने इस गंभीर प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। नयागांव चौकी क्षेत्र निवासी पीड़िता महिला ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि पड़ोस की सीताबाई बंजारा 23 नवंबर को घर आई और दोनों बेटियों को कन्या भोज कराने निम्बाहेड़ा ले जाने का बहाना बनाकर साथ ले गई। 24 नवंबर को वह बच्चियों को वापस छोड़कर चली गई, लेकिन दोनों बच्चियां डरी-सहमी और घबराई हुई थीं। परिजनों के पूछने पर पूरा मामला सामने आ गया।
ये है पूरा मामला --
पीड़ित महिला ने एसपी को बताया कि सीताबाई बंजारा पर भरोसा करके उन्होंने अपनी बेटियों को उसके साथ भेज दिया था। पर अगले दिन बच्चियां जब लौटीं तो उनके चेहरे पर डर साफ दिखाई दे रहा था। पूछताछ में पता चला कि उन्हें कन्या भोज नहीं बल्कि जंगल में ले जाकर एक वयस्क युवक से जबरन शादी करवाई गई।
नाबालिग बच्ची बोली– अंकल ने लिए मेरे साथ फेरे --
पीड़ित बच्ची ने रोते हुए बताया कि जंगल में उसे बड़ी महिलाओं जैसे कपड़े पहनाए गए, साड़ी ओढ़ाई गई और एक अंकल ने उसकी मांग में सिंदूर भरा। फिर आग के पास उसका हाथ पकड़कर फेरे भी लिए। दूसरी बच्ची को धमकाकर कार में बैठाया गया। बच्चियों के अनुसार गाड़ियों में कई अन्य लोग भी मौजूद थे और उन्हें सख्त धमकी दी गई कि अगर घर पर कुछ बताया तो जान से खत्म कर देंगे।
इस मामले में कई आरोपी – जांच हो तो खुलेंगे राज ---
पीड़ित महिला ने यह भी कहा कि जब उन्होंने नयागांव चौकी में शिकायत की तो विनोद बंजारा, संतोष, कान्हा जाट और संजय बंजारा द्वारा परिवार को धमकियां दी गईं। आरोप है कि मामले को दबाने का प्रयास हो रहा है, लेकिन नयागांव पुलिस ने अभी तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है।
पीड़ित परिवार को नीमच एसपी पर भरोसा --
शिकायत के 5 दिन बाद भी नयागांव पुलिस की कार्रवाई न होते देख पीड़ित परिवार शनिवार को एसपी कार्यालय पहुंचा और पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। परिवार ने सुरक्षा की मांग करते हुए आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की गुहार लगाई है।