डेस्क न्यूज
29 November, 2025
अन्य
अशोकनगर। केंद्रीय मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के चार दिवसीय दौरे के बीच शुक्रवार रात उनके काफिले में बड़ा हादसा हो गया। अशोकनगर से गुना की ओर लौटते समय जीके मैरिज गार्डन के पास काफिले में चल रही गाड़ियां आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एसडीओपी, तहसीलदार और मुंगावली विधायक की फॉर्च्यूनर समेत तीन वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे में अशोकनगर एसडीओपी विवेक शर्मा घायल हो गए, जिन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाकर उपचार दिया गया।
जानकारी के अनुसार, सिंधिया का काफिला रात करीब 9:30 बजे अशोकनगर होते हुए गुना लौट रहा था। रास्ते में समर्थक स्वागत के लिए सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान अचानक आगे वाहन के रुकने और ब्रेक लगने से पीछे चल रही गाड़ियों का संतुलन बिगड़ गया और तीन वाहन आपस में भिड़ गए।
दुर्घटना के समय एसडीओपी और तहसीलदार दोनों अपने-अपने वाहनों में मौजूद थे।
चार दिन के कार्यक्रम पर हैं सिंधिया
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शुक्रवार को चंदेरी में पर्यटन विभाग के इको रिट्रीट महोत्सव में शामिल हुए थे। कार्यक्रम के बाद वे निर्धारित अनुसार गुना लौट रहे थे, उसी दौरान यह हादसा हुआ।
घटना के बाद प्रशासन के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल एसडीओपी को अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद काफिले में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।